CM साय से मिले राष्ट्रपति भवन से लौटे छात्र, बोले- राष्ट्रपति से मुलाकात बनी जीवन की यादगार

रायपुर, 1 सितंबर 2026। राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात कर लौटे छत्तीसगढ़ के प्रतिभावान विद्यार्थियों और शिक्षकों ने मंगलवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में सौजन्य मुलाकात की। विद्यार्थियों ने राष्ट्रपति भवन की अपनी यादगार यात्रा और राष्ट्रपति के साथ हुए आत्मीय संवाद के अनुभव मुख्यमंत्री के साथ साझा किए।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करना पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है। बच्चों ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है।

राष्ट्रपति से संवाद को बताया जीवन का अविस्मरणीय अनुभव
विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात उनके जीवन का अविस्मरणीय अनुभव रहा। राष्ट्रपति ने बच्चों से सहजता और आत्मीयता से बातचीत की तथा उनकी शिक्षा, रुचियों और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। विद्यार्थियों ने राष्ट्रपति भवन के भ्रमण और वहां बिताए यादगार पलों के अनुभव भी मुख्यमंत्री के साथ साझा किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के बच्चों में प्रतिभा और संभावनाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत है कि उन्हें सही अवसर, प्रोत्साहन और मंच उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने विद्यार्थियों को पूरी मेहनत और लगन से पढ़ाई जारी रखने तथा जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया।
CWSN विद्यार्थी नुकेश को राष्ट्रपति ने बांधी राखी
रक्षाबंधन के अवसर पर राष्ट्रपति भवन में हुई मुलाकात का सबसे भावुक क्षण तब आया, जब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने CWSN (Children with Special Needs) विद्यार्थी नुकेश कुमार वर्मा को स्वयं राखी बांधी। राष्ट्रपति का यह स्नेह नुकेश और वहां मौजूद विद्यार्थियों व शिक्षकों के लिए यादगार बन गया।
छात्राओं ने प्रस्तुत किया सुवा नृत्य
राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति की भी शानदार झलक देखने को मिली। छात्राओं ने पारंपरिक सुवा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। लोकगीत, संगीत और नृत्य से सजी इस प्रस्तुति की राष्ट्रपति ने सराहना की।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि लोक संस्कृति छत्तीसगढ़ की पहचान और अमूल्य धरोहर है। जब नई पीढ़ी इसे देश के प्रतिष्ठित मंचों पर प्रस्तुत करती है तो प्रदेश की सांस्कृतिक परंपराओं को नई पहचान और ऊर्जा मिलती है।
इन विद्यार्थियों ने की राष्ट्रपति से मुलाकात
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भेंट करने वाले विद्यार्थियों में नारायणपुर की राजवती पोयाम, सुकमा के हिमांशु ठाकुर, दुर्ग की पायल राजानी, महासमुंद की रागनी साहू, रायपुर के नुकेश कुमार वर्मा तथा महासमुंद के दुर्गेश साहू और डिगेश सेन शामिल थे।
इस अवसर पर राज्य नोडल अधिकारी, समग्र शिक्षा, रायपुर डॉ. मुक्ति बैस तथा शासकीय आशी बाई गोलछा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, महासमुंद के व्याख्याता (भौतिकी) चंद्रशेखर मिथलेश भी उपस्थित रहे।



