Governmentछत्तीसगढ़ताज़ा खबरेंप्रशासनिकराजनीतिकवायरल खबरें

महतारी वंदन की सफलता की कहानियां अब किताब में, CM साय ने किया विमोचन

रायपुर, 22 अगस्त 2026 मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में पत्रकार निशा द्विवेदी द्वारा लिखित पुस्तक ‘महतारी वंदन अभिनंदन’ का विमोचन किया। दो भागों में प्रकाशित इस पुस्तक में महतारी वंदन योजना से लाभान्वित महिलाओं के अनुभव, उनके जीवन में आए बदलाव और आत्मनिर्भरता की दिशा में बढ़ते कदमों को संकलित किया गया है।

मुख्यमंत्री साय ने पुस्तक के प्रकाशन पर लेखिका निशा द्विवेदी को बधाई देते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना ने प्रदेश की महिलाओं को नियमित आर्थिक संबल देने के साथ उनके आत्मविश्वास और परिवार के निर्णयों में उनकी भूमिका को भी मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि यह योजना महिला सशक्तीकरण की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल है।

बच्चों की पढ़ाई से लेकर स्वास्थ्य और घरेलू जरूरतों में मदद

मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना के तहत मिलने वाली राशि महिलाओं की छोटी-बड़ी जरूरतों को पूरा करने में सहायक बन रही है। कई महिलाएं इस राशि का उपयोग बच्चों की पढ़ाई, पोषण, स्वास्थ्य, घरेलू आवश्यकताओं और बचत के लिए कर रही हैं। बैंक खातों में नियमित राशि मिलने से महिलाओं में आर्थिक सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की भावना मजबूत हुई है।

उन्होंने कहा कि किसी भी जनकल्याणकारी योजना की सफलता उसके लाभार्थियों के जीवन में आए बदलाव से मापी जाती है। ‘महतारी वंदन अभिनंदन’ में महिलाओं के अनुभवों को सामने लाने का प्रयास किया गया है, जिससे यह पुस्तक योजना के सामाजिक प्रभाव का महत्वपूर्ण जमीनी दस्तावेज बन गई है।

करीब 70 लाख महिलाओं को मिल रही सहायता

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अनुरूप छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना शुरू की गई। योजना के तहत प्रदेश की करीब 70 लाख महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में दी जा रही है। योजना की 30 किश्तों के माध्यम से अब तक करीब 19 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं के खातों में अंतरित की जा चुकी है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कौशल विकास और आजीविका के माध्यम से उनके सर्वांगीण विकास के लिए लगातार काम कर रही है।

महिलाओं के अनुभवों को पुस्तक में दिया गया स्थान

महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े ने पुस्तक की सराहना करते हुए कहा कि इसमें महतारी वंदन योजना से लाभान्वित महिलाओं की संवेदनाओं और अनुभवों को शब्द दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी योजना का वास्तविक प्रभाव समझने के लिए हितग्राहियों के बीच जाकर उनके अनुभवों को जानना जरूरी है।

पुस्तक की लेखिका पत्रकार निशा द्विवेदी ने बताया कि दोनों भागों में प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों की उन महिलाओं की कहानियां शामिल की गई हैं, जिन्हें महतारी वंदन योजना से आर्थिक संबल मिला। पुस्तक में यह दर्शाने का प्रयास किया गया है कि नियमित आर्थिक सहायता ने महिलाओं की दैनिक जरूरतों के साथ उनके आत्मविश्वास और आर्थिक निर्णय लेने की क्षमता को किस तरह प्रभावित किया है।

कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा, रायपुर महापौर मीनल चौबे, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार कृष्णा दास, जनसंपर्क आयुक्त रजत बंसल, गौरी शंकर श्रीवास, शताब्दी पांडेय सहित बड़ी संख्या में महिला पत्रकार और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button