चित्रकोट में बनेगी टेंट सिटी, मुख्य सचिव विकासशील ने PPP मॉडल प्रोजेक्ट को दी रफ्तार

रायपुर, 21 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात क्षेत्र को विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित सार्वजनिक निजी भागीदारी मूल्यांकन समिति (PPPAC) की बैठक में बस्तर जिले के तीरथ गांव में करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से टेंट सिटी विकसित करने के प्रस्ताव पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि यह परियोजना पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर विकसित होगी। प्रस्तावित टेंट सिटी चित्रकोट जलप्रपात से लगभग 500 मीटर की दूरी पर स्थित तीरथ गांव में बनाई जाएगी।
पर्यटन विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी कि इस परियोजना के तहत पर्यटकों के लिए एडवेंचर एक्टिविटी, डेस्टिनेशन वेडिंग, आधुनिक कॉन्फ्रेंस हॉल सहित कई आकर्षक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे चित्रकोट क्षेत्र की पर्यटन क्षमता को नई पहचान मिलेगी।

बैठक के दौरान मुख्य सचिव विकासशील ने निर्देश दिए कि चित्रकोट जलप्रपात और आसपास के क्षेत्र को वर्ल्ड क्लास टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने के लिए एक व्यापक मास्टर प्लान तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि चित्रकोट देश के सबसे बड़े जलप्रपातों में से एक है और यहां टेंट सिटी बनने से बस्तर में सालभर पर्यटन गतिविधियां बढ़ेंगी। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर भी प्राप्त होंगे और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
बैठक में वित्त विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य सहित पर्यटन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



