छत्तीसगढ़ताज़ा खबरेंवायरल खबरें

अबूझमाड़ के मुहाने पर बदली कचोरा गांव की तस्वीर, जल जीवन मिशन से 24 घरों तक पहुंचा नल का पानी

रायपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के दूरस्थ गांव कचोरा में जल जीवन मिशन के तहत सभी 24 परिवारों के घरों तक नल से पेयजल पहुंच रहा है। इससे ग्रामीणों को पानी के लिए होने वाली परेशानी से राहत मिली है। खासकर महिलाओं का समय और श्रम बच रहा है।

जिला मुख्यालय नारायणपुर से करीब 55 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत महोरा के आश्रित गांव कचोरा में पहले पेयजल की व्यवस्था करना ग्रामीणों के लिए चुनौतीपूर्ण था। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण लोगों को पानी जुटाने के लिए काफी मेहनत करनी पड़ती थी।

इस समस्या के समाधान के लिए जल जीवन मिशन के तहत गांव में लगभग 2,084 मीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई। साथ ही 10 हजार लीटर क्षमता वाली दो सोलर आधारित पानी की टंकियों का निर्माण किया गया। अब गांव के सभी 24 परिवारों को घर पर ही नल से शुद्ध और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो रहा है।

हर घर जल उत्सव में लिया जल संरक्षण का संकल्प

योजना पूरी होने पर गांव में ‘हर घर जल उत्सव’ का आयोजन किया गया। ग्रामसभा के दौरान ‘जल अर्पण’ कार्यक्रम के तहत ग्रामीणों ने जल स्रोतों के संरक्षण, स्वच्छता बनाए रखने और पानी की बचत करने का संकल्प लिया।

पेयजल व्यवस्था को नियमित रूप से संचालित करने के लिए पंप के संचालन, रखरखाव, जल गुणवत्ता परीक्षण और निगरानी की जिम्मेदारियां भी तय की गई हैं।

कचोरा गांव में जल जीवन मिशन के तहत हुए इस बदलाव से ग्रामीणों के दैनिक जीवन को सुविधा मिली है। घर-घर नल से पानी पहुंचने से समय और श्रम की बचत के साथ स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में भी मदद मिली है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button