दर्दनाक हादसा: खुले नाले में गिरकर 4 साल के मासूम की मौत

रायपुर। राजधानी रायपुर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में 4 साल के मासूम बच्चे की खुले नाले में डूबने से मौत हो गई। घटना महात्मा गांधी नगर, वार्ड नंबर-4 इलाके की है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है, वहीं खुले नालों की सुरक्षा को लेकर नगर निगम प्रशासन पर सवाल उठने लगे हैं।
मृतक बच्चे की पहचान काव्यांश साहू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि काव्यांश घर के पास अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह खुले नाले में जा गिरा। बारिश के कारण नाले में पानी का बहाव तेज था, जिससे बच्चा बह गया।

बच्चे के नाले में गिरने की जानकारी मिलते ही उसकी मां और आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया। सूचना मिलने पर पुलिस और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद बच्चे को नाले से बाहर निकाला गया। इसके बाद उसे गंभीर हालत में तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पिता काम के सिलसिले में लखनऊ में
हादसे के समय काव्यांश के पिता, जो पेशे से राजमिस्त्री हैं, काम के सिलसिले में लखनऊ गए हुए थे। मासूम की मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
खुले नाले को लेकर लोगों में आक्रोश
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। रहवासियों का कहना है कि बारिश के मौसम में खुले नाले बच्चों और आम लोगों के लिए गंभीर खतरा बने हुए हैं। लोगों ने नालों को ढंकने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि यदि नाले को सुरक्षित किया गया होता तो शायद यह दर्दनाक हादसा टाला जा सकता था। घटना ने नगर निगम की व्यवस्था और खुले नालों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।




