खेलछत्तीसगढ़ताज़ा खबरें

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के 18 मैचों का जियोहॉटस्टार पर होगा लाइव प्रसारण, 22 अक्टूबर से रायपुर में मैच

रायपुर। राजधानी रायपुर में 22 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक छत्तीसगढ़ हॉकी लीग (CHL) का आयोजन किया जाएगा। लीग के सभी 18 मुकाबलों का लाइव प्रसारण जियोहॉटस्टार पर होगा। दर्शक प्रतिदिन शाम 5:30 बजे से हिंदी और छत्तीसगढ़ी भाषा में विश्वस्तरीय हॉकी मैचों का आनंद ले सकेंगे।

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग भारत की पहली आधिकारिक राज्य हॉकी लीग है, जिसे हॉकी इंडिया की मान्यता प्राप्त है। इसमें प्रदेश के छह शहरों का प्रतिनिधित्व करने वाली छह फ्रेंचाइजी हिस्सा लेंगी। लीग प्रारूप में होने वाली इस प्रतियोगिता में शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। इसका फाइनल मुकाबला 1 नवंबर 2026 को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर खेला जाएगा।

ओलंपियन खिलाड़ियों का दिखेगा दम

लीग में भारतीय हॉकी के कई दिग्गज खिलाड़ी आकर्षण का केंद्र होंगे। इनमें ओलंपियन सुरेंद्र कुमार, प्रदीप मोर, एसवी सुनील, ललित कुमार उपाध्याय, शमशेर और चिंगलेनसाना सिंह कंगुजाम शामिल हैं। ये खिलाड़ी छह फ्रेंचाइजी का नेतृत्व करेंगे, जिससे मुकाबलों में रोमांच बढ़ने की उम्मीद है।

पुरुषों की प्रतियोगिता के साथ महिला हॉकी को प्रोत्साहित करने के लिए आयोजन के पहले दिन महिलाओं का एक प्रदर्शनी मुकाबला भी खेला जाएगा। इसका आयोजन खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से किया जाएगा।

राज्य के खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मंच

खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो ने कहा कि छत्तीसगढ़ हॉकी लीग भारतीय हॉकी के इतिहास में एक शानदार अध्याय की शुरुआत है। इसका उद्देश्य राज्य के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और राज्य, राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के अवसर उपलब्ध कराना है।

उन्होंने कहा कि जियोहॉटस्टार पर सभी मुकाबलों की लाइव स्ट्रीमिंग से लीग को राष्ट्रीय और वैश्विक पहचान मिलेगी। रायपुर के मैदान पर प्रदेश के खिलाड़ियों का हुनर देश-दुनिया के दर्शकों तक पहुंचेगा।

‘चलो रे संगी, हॉकी खेलबो’ है टैगलाइन

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की टैगलाइन ‘चलो रे संगी, हॉकी खेलबो’ रखी गई है। लीग का लक्ष्य प्रदेश में हॉकी के प्रति रुचि बढ़ाना, उभरते खिलाड़ियों को अधिक अवसर देना और राष्ट्रीय खेल के विकास को गति देना है।

दर्शक 22 अक्टूबर से 1 नवंबर तक प्रतिदिन शाम 5:30 बजे से जियोहॉटस्टार पर मुकाबले देख सकेंगे। हिंदी के साथ छत्तीसगढ़ी भाषा में भी उपलब्ध लाइव स्ट्रीमिंग से स्थानीय दर्शकों को अपनी भाषा में हॉकी का रोमांच देखने का अवसर मिलेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button