छत्तीसगढ़प्रशासनिक

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मां काली और मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना

रायपुर, 17 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार शाम राजधानी रायपुर के प्रसिद्ध कालीबाड़ी मंदिर और दुर्गा पूजा पंडाल में मां काली एवं मां दुर्गा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति के लिए मां भगवती से आशीर्वाद मांगा।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि मां दुर्गा शक्ति, साहस और सकारात्मक ऊर्जा की प्रतीक हैं। उनकी आराधना हमें जीवन की चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना करने और सत्य, धर्म एवं सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी समृद्ध संस्कृति, लोक परंपराओं और धार्मिक आस्था से है। पर्व-त्योहार केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, आपसी प्रेम और भाईचारे को मजबूत करने का माध्यम भी हैं। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को हमारी सांस्कृतिक विरासत और जीवन मूल्यों से जोड़ते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नवरात्रि और दुर्गा पूजा का पर्व मातृशक्ति के सम्मान और समाज में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका का स्मरण कराता है। भारतीय संस्कृति में नारी शक्ति को सदैव विशेष स्थान दिया गया है।

उन्होंने मां भगवती से प्रार्थना की कि प्रदेश के प्रत्येक परिवार में सुख-शांति बनी रहे, किसानों के खेतों में समृद्धि आए, युवाओं के सपनों को नई उड़ान मिले और माताओं-बहनों के जीवन में खुशहाली आए। उन्होंने विश्वास जताया कि मां भगवती की कृपा से छत्तीसगढ़ विकास और समृद्धि के पथ पर निरंतर आगे बढ़ता रहेगा।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने मंदिर और दुर्गा पूजा पंडाल में उपस्थित श्रद्धालुओं से मुलाकात की तथा सभी को नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं दीं। श्रद्धालुओं और समाजजनों ने उनका आत्मीय स्वागत किया।

कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा, बंगाली कालीबाड़ी समिति रायपुर के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button