Raipur: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बोले- पूरी निष्ठा और भाव से करें जन सेवा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ से अखिल भारतीय सेवाओं (All India Services) में चयनित अभ्यर्थियों ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता बनाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि अखिल भारतीय सेवाओं में चयन केवल अभ्यर्थियों और उनके परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवा समाज और राष्ट्र निर्माण का सबसे प्रभावी माध्यम है तथा इस सेवा में कार्य करने वाले अधिकारियों को संवेदनशीलता, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि चयनित अभ्यर्थियों को लोगों की सेवा का जो अवसर मिला है, वह ईश्वर का आशीर्वाद और समाज का विश्वास है। इस अवसर का उपयोग आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने तथा प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए किया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने में युवा प्रशासनिक अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी चयनित अभ्यर्थी अपनी प्रतिभा, कार्यकुशलता और सेवा भावना के बल पर प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम योगदान देंगे।
इस दौरान चयनित अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री से अपने अनुभव साझा किए और उनके मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया।
मुलाकात के अवसर पर अखिल भारतीय सेवाओं में चयनित अभ्यर्थियों में सुष्मिता सिंह, वैभवी अग्रवाल, दर्शना सिंह बघेल, रौनक अग्रवाल, अजय गुप्ता, अंकित सकनी, डायमंड ध्रुव और संजय डहरिया सहित उनके परिजन उपस्थित रहे।



