
रायपुर, 4 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ सरकार का सेवा सेतु पोर्टल ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सुशासन को नई दिशा दे रहा है। दंतेवाड़ा विकासखंड की ग्राम पंचायत बड़े बचेली में विवाह पंजीयन की ऑनलाइन सुविधा से ग्रामीण दंपतियों को अब सरकारी योजनाओं और दस्तावेजी प्रक्रियाओं में बड़ी राहत मिल रही है।
पहले विवाह प्रमाण पत्र के अभाव में ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ लेने और अन्य जरूरी दस्तावेज बनवाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इसके लिए उन्हें दूर-दराज के सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती थी।
ग्राम पंचायत स्तर पर चलाए गए जागरूकता अभियान के तहत लोगों को सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन विवाह पंजीयन की जानकारी दी गई। पंचायत सचिव प्रियंका दीवान और सरपंच गोविंद कुंजाम के मार्गदर्शन में पात्र दंपतियों ने आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन किया। सत्यापन के बाद उन्हें समय पर विवाह प्रमाण पत्र जारी किए गए।
ग्राम पंचायत बड़े बचेली के निवासी जोगाराम और अमवती नाग ने बताया कि विवाह प्रमाण पत्र नहीं होने से उन्हें कई सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी होती थी। सेवा सेतु पोर्टल पर आवेदन करने के बाद उन्हें आसानी से प्रमाण पत्र मिल गया और अब सरकारी कार्यों में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होती।
वहीं सुषमा तामो और संतोष ने बताया कि पहले उन्हें विवाह पंजीयन की प्रक्रिया की जानकारी नहीं थी। पंचायत के सहयोग से उन्होंने ऑनलाइन आवेदन किया और निर्धारित समय में प्रमाण पत्र प्राप्त कर लिया। इससे उन्हें बार-बार कार्यालय जाने की आवश्यकता नहीं पड़ी और समय व पैसे दोनों की बचत हुई।
सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से पूरी प्रक्रिया सरल, तेज और पारदर्शी बनी है। इससे ग्रामीणों का डिजिटल सेवाओं के प्रति भरोसा बढ़ा है और वे अब अन्य सरकारी सेवाओं के लिए भी ऑनलाइन माध्यम का उपयोग कर रहे हैं।
ग्राम पंचायत बड़े बचेली में विवाह पंजीयन की यह पहल डिजिटल सुशासन का सफल उदाहरण बनकर सामने आई है, जिससे ग्रामीणों को घर के नजदीक ही आवश्यक सरकारी सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल रहा है।



