खिलाड़ियों के लिए बड़ी खुशखबरी, 7.60 करोड़ से बनेगा मल्टीपर्पज स्टेडियम

रायपुर। जिले में खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ी पहल की है। जिला मुख्यालय कांकेर में 4000 दर्शक क्षमता वाले जिला स्तरीय बहुउद्देश्यीय स्टेडियम के निर्माण के लिए 7 करोड़ 60 लाख 34 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। यह स्टेडियम क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के तहत सिंगारभाट स्टेडियम की चिन्हित भूमि पर बनाया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने राशि स्वीकृति का आदेश जारी किया है। स्टेडियम के निर्माण से जिले के खिलाड़ियों को आधुनिक और बेहतर खेल अधोसंरचना उपलब्ध होने की उम्मीद है।
400 मीटर का 8-लेन सिंथेटिक रनिंग ट्रैक
स्वीकृत राशि से स्टेडियम परिसर में 400 मीटर 8-लेन सिंथेटिक रनिंग ट्रैक का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा मिनी जिम, महिला एवं पुरुष शौचालय, सीसी रोड, आरसीसी ड्रेन और ओपन स्टेज जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने निर्माण कार्य में उपयोग होने वाली सामग्री और पूरे प्रोजेक्ट की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। गुणवत्ता में किसी भी तरह की कमी पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदारी तय कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
समय-सीमा में पूरा करना होगा निर्माण
खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने निर्माण कार्य के लिए समय पर निविदा प्रक्रिया पूरी करने और स्वीकृत प्राक्कलन के अनुसार मितव्ययिता के साथ काम कराने के निर्देश दिए हैं। निर्माण एजेंसी को निर्धारित अनुबंधित समय-सीमा में कार्य पूरा करना होगा।
विभाग ने अनावश्यक रूप से समय-सीमा बढ़ाने से भी बचने के निर्देश दिए हैं। अपरिहार्य और नियंत्रण से बाहर के मान्य कारणों पर ही सक्षम अधिकारी द्वारा समय-वृद्धि की अनुमति दी जा सकेगी। निर्धारित अवधि में वृद्धि की स्थिति में नियमानुसार अर्थदंड भी लगाया जा सकेगा।
खिलाड़ियों और खेल प्रतियोगिताओं को मिलेगा लाभ
बहुउद्देश्यीय स्टेडियम के निर्माण से कांकेर जिले के खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। विशेष रूप से सिंथेटिक रनिंग ट्रैक और मिनी जिम एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेलों की तैयारी करने वाले खिलाड़ियों के लिए उपयोगी साबित होंगे।
4000 दर्शकों की क्षमता वाला यह स्टेडियम जिला और संभाग स्तर की खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए भी महत्वपूर्ण आधारभूत सुविधा बन सकता है। इससे कांकेर में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय प्रतिभाओं को बेहतर मंच मिलने की उम्मीद है।



