शिक्षक दिवस पर बलरामपुर के 21 शिक्षकों को मिला सम्मान, शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान

रायपुर, 05 सितंबर 2026। शिक्षक दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय बलरामपुर-रामानुजगंज स्थित ऑडिटोरियम भवन में जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। समारोह में जिले के 21 उत्कृष्ट शिक्षकों को उनके बेहतर शैक्षणिक कार्य और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के कृषि विकास एवं कल्याण, आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि राष्ट्र के भविष्य निर्माण में गुरुजनों का योगदान अमूल्य है। शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा कराने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरी पीढ़ी के चरित्र और सोच का निर्माता होता है।
मंत्री नेताम ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान नहीं देते, बल्कि उनमें नैतिक मूल्य, अनुशासन और अच्छे संस्कार भी विकसित करते हैं। शिक्षक बच्चों में स्वतंत्र सोच, रचनात्मकता और कुछ नया सीखने की जिज्ञासा को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक ही समाज और राष्ट्र की भावी पीढ़ी के सच्चे निर्माता हैं, जो अपने ज्ञान, संस्कार और मार्गदर्शन से विद्यार्थियों के जीवन को नई दिशा देते हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशानुरूप जिले के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रयास विद्यालय और नर्सिंग महाविद्यालय की स्थापना की जा रही है। इन संस्थानों से क्षेत्र के युवाओं को बेहतर शिक्षा और भविष्य निर्माण के नए अवसर मिलेंगे।
कलेक्टर ने शिक्षकों को बताया राष्ट्र निर्माण की धुरी
कार्यक्रम में कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने शिक्षकों को राष्ट्र निर्माण की धुरी बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों का मार्गदर्शन इस प्रकार करें कि वे आगे चलकर समाज के लिए मिसाल बन सकें और अपने ज्ञान व संस्कारों से देश और प्रदेश का नाम रोशन करें।
21 उत्कृष्ट शिक्षकों का हुआ सम्मान
शिक्षक सम्मान समारोह में जिले के 21 उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया गया। ज्ञानदीप पुरस्कार से श्याम सुंदर चौरगे, शिक्षक शासकीय माध्यमिक शाला कोरवापारा राजपुर, श्रीमती नीलीमा एक्का, शिक्षिका शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला डौरा तथा श्री जवाहर लाल पैकरा, प्रधान पाठक शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला चिरई शंकरगढ़ को सम्मानित किया गया।
इसके अलावा शिक्षादूत पुरस्कार से जिले के विभिन्न विकासखंडों के 18 शिक्षकों को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक सेवाओं और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पुष्पा नेताम, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष बबली देवी, नगर पालिका उपाध्यक्ष दिलीप सोनी, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत सीईओ सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी उपस्थित रहे।




