कवर्धा में 108 शिक्षकों का सम्मान, विजय शर्मा ने कहा- राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका अहम

रायपुर, 5 सितंबर 2026। शिक्षक दिवस के अवसर पर कवर्धा के स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल में मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण समारोह 2026 का आयोजन किया गया। समारोह में उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने जिले के उत्कृष्ट कार्य करने वाले 108 शिक्षकों को शिक्षा दूत एवं ज्ञानदीप पुरस्कार से सम्मानित किया।
सम्मानित शिक्षकों में सेवानिवृत्त शिक्षक भी शामिल रहे। उप मुख्यमंत्री ने सभी शिक्षकों को शॉल, श्रीफल, मोमेंटो एवं प्रमाण पत्र भेंट कर उनके योगदान के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में शिक्षकों द्वारा किया जा रहा उत्कृष्ट कार्य विद्यार्थियों और समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।

शिक्षक राष्ट्र निर्माण में निभाते हैं अहम भूमिका
समारोह को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि शिक्षकों का समाज में स्थान सदैव आदरणीय एवं अग्रणी रहा है। शिक्षक केवल कक्षा में पाठ्यक्रम पूरा कराने तक सीमित नहीं होते, बल्कि वे विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और उन्हें जीवन में सही दिशा देने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं।
उन्होंने कहा कि गुरुजनों से प्राप्त ज्ञान और संस्कार जीवन के हर पड़ाव पर उपयोगी साबित होते हैं। कक्षा में दिया गया ज्ञान और शिक्षकों द्वारा दिए गए संस्कार विद्यार्थी के जीवन पर लंबे समय तक प्रभाव डालते हैं।
अपने गुरुजनों को सम्मानित कर लिया आशीर्वाद
समारोह में भावुक क्षण उस समय देखने को मिला, जब उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अपने विद्यार्थी जीवन के गुरुजनों जी.आर. चंदेल, पी.पी. दुबे, एम.आर. महोबिया, विजेंद्र श्रीवास्तव एवं एम.के. गुप्ता का शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया।
उप मुख्यमंत्री ने अपने गुरुजनों को प्रणाम कर उनका आशीर्वाद भी लिया। उन्होंने कहा कि गुरु का स्थान जीवन में सबसे महत्वपूर्ण होता है। गुरुजनों से मिली शिक्षा, संस्कार और मार्गदर्शन व्यक्ति के जीवन की मजबूत नींव तैयार करते हैं।

स्वामी करपात्री विद्यालय की यादें की साझा
विजय शर्मा ने अपने विद्यार्थी जीवन की स्मृतियां साझा करते हुए बताया कि उन्होंने स्वामी करपात्री जी विद्यालय में कक्षा छठवीं से बारहवीं तक शिक्षा प्राप्त की है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में गुरुजनों ने पढ़ाई के साथ-साथ खेल एवं अन्य गतिविधियों के माध्यम से भी उन्हें बहुत कुछ सिखाया।
उन्होंने कहा कि बचपन में गुरुजनों के साथ बिताए गए पल आज भी उनके लिए महत्वपूर्ण और प्रेरणादायी हैं। उस समय गुरुजनों द्वारा दिया गया ज्ञान और संस्कार आज भी उनके जीवन में उपयोगी साबित हो रहा है।
84 स्कूलों में स्मार्ट क्लास की सुविधा
उप मुख्यमंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि कवर्धा विधानसभा क्षेत्र के 84 हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में स्मार्ट क्लास रूम स्थापित किए जा रहे हैं।
इनमें से 50 स्कूलों में स्मार्ट क्लास की सुविधा शुरू हो चुकी है, जबकि शेष 34 स्कूलों में भी जल्द स्मार्ट क्लास रूम स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है।

7,500 स्कूलों में बनेंगे बालिका शौचालय
विजय शर्मा ने बताया कि बालिकाओं की सुविधा और सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण को ध्यान में रखते हुए 7,500 स्कूलों में बालिका शौचालयों का निर्माण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्कूल में छात्राओं के लिए शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। इससे छात्राओं को विद्यालय में बेहतर वातावरण मिलेगा और उनकी शिक्षा के प्रति निरंतरता को भी बढ़ावा मिलेगा।
मेडिकल कॉलेज में 50 सीटों पर पढ़ाई शुरू
उप मुख्यमंत्री ने जिले में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज की प्रगति की जानकारी देते हुए कहा कि कॉलेज का निर्माण कार्य तेज गति से चल रहा है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष मेडिकल कॉलेज में 50 सीटों पर पढ़ाई शुरू हो गई है।
उन्होंने इसे जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे स्थानीय विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर अवसर मिलेंगे।
विजय शर्मा ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में दाखिला लेने वाले पहले विद्यार्थी सहसपुर लोहारा के हिमांशु देवांगन हैं। उन्होंने कहा कि जिले में मेडिकल शिक्षा की शुरुआत विद्यार्थियों के लिए नई संभावनाओं और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
जनप्रतिनिधि, शिक्षक और विद्यार्थी रहे मौजूद
कार्यक्रम में पूर्व संसदीय सचिव डॉ. सियाराम साहू, मोतीराम चंद्रवंशी, कृषक कल्याण परिषद के अध्यक्ष सुरेश चंद्रवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष चन्द्रप्रकाश चंद्रवंशी, नगर पालिका उपाध्यक्ष पवन जायसवाल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष संतोष पटेल, लोकचन्द साहू, मनीराम साहू, राजा टाटिया, विजय लक्ष्मी तिवारी सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।



