कुरूद की ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों का आयुक्त तारन प्रकाश सिन्हा ने किया निरीक्षण, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के दिए निर्देश

रायपुर, 5 सितंबर 2026। विकसित भारत-जी राम जी के आयुक्त एवं प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के संचालक तारन प्रकाश सिन्हा ने धमतरी जिले के विकासखंड कुरूद की विभिन्न ग्राम पंचायतों का दौरा कर शासकीय योजनाओं और विकास कार्यों का मैदानी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत धूमा में बालिका शौचालय, अमृत सरोवर और पंचायत भवन का जायजा लिया। वहीं ग्राम पंचायत चरमुड़िया के आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
बालिका शौचालय निर्माण का लिया जायजा, श्रमिकों से की चर्चा
ग्राम पंचायत धूमा में बालिका शौचालय निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए आयुक्त सिन्हा ने मौके पर कार्यरत श्रमिकों से बातचीत की। उन्होंने श्रमिकों से मजदूरी भुगतान की स्थिति की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को भुगतान से जुड़ी आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने ग्राम पंचायत में निर्मित अमृत सरोवर का भी निरीक्षण किया। इस दौरान स्व-सहायता समूह द्वारा सरोवर में किए जा रहे मछली पालन की गतिविधियों की जानकारी ली। आयुक्त ने समूह के सदस्यों से उनकी आयवर्धक गतिविधियों, आजीविका के साधनों और कार्य की प्रगति को लेकर चर्चा की। उन्होंने ग्रामीणों की आजीविका से जुड़े कार्यों को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
QR कोड स्कैन कर देखी विकास कार्यों की जानकारी
ग्राम पंचायत भवन में आयुक्त सिन्हा ने क्यूआर कोड स्कैन कर पंचायत में कराए गए विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी का अवलोकन किया। उन्होंने क्लार्ट ऐप और युक्तधारा पोर्टल के माध्यम से प्रस्तावित एवं स्वीकृत कार्यों की स्थिति की समीक्षा की।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत आवास निर्माण की प्रगति की जानकारी पंचायत सचिव और ग्राम रोजगार सहायक से ली। आयुक्त ने पंचायत स्तर पर योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग, कार्यों की समयबद्ध प्रगति और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
चरमुड़िया आंगनबाड़ी केंद्र की व्यवस्थाओं का निरीक्षण
भ्रमण के दौरान आयुक्त ने ग्राम पंचायत चरमुड़िया स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं, व्यवस्थाओं और संचालन की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों के लिए जरूरी सुविधाओं के बेहतर प्रबंधन और आंगनबाड़ी केंद्रों में गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
स्थानीय जरूरतों के अनुसार तैयार हो ग्राम पंचायतों की कार्ययोजना
निरीक्षण के बाद जनपद पंचायत कुरूद कार्यालय में कार्यक्रम अधिकारियों और तकनीकी सहायकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्राम पंचायतों की कार्ययोजना तैयार करने, कार्यों को Secure एवं युक्तधारा पोर्टल में शामिल करने और स्वीकृति प्रक्रिया की विस्तार से समीक्षा की गई।

आयुक्त श्री सिन्हा ने विकसित भारत-जी राम जी योजना के अंतर्गत बारिश के दौरान और बारिश के बाद प्राथमिकता के आधार पर किए जाने वाले कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्राम पंचायतों में कार्यों का चयन स्थानीय आवश्यकताओं, उपलब्ध संसाधनों और ग्रामीणों की जरूरतों को ध्यान में रखकर किया जाए।
उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों की कार्ययोजना केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि यह स्थानीय जरूरतों के अनुरूप उपयोगी, टिकाऊ और गुणवत्तापूर्ण परिसंपत्तियों के निर्माण का आधार बने। उन्होंने कार्यों की समयबद्ध स्वीकृति, गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन और प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में युक्तधारा पोर्टल के माध्यम से ग्राम पंचायतों में कार्यों की स्वीकृति और प्रगति की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने अधिकारियों एवं तकनीकी सहायकों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों का अधिकतम लाभ आम नागरिकों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।



