NEP के तहत छात्रों को बड़ी राहत, 5वें सेमेस्टर में मिलेगा प्रोविजनल प्रवेश

रायपुर, 5 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ सरकार ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के तहत पढ़ाई कर रहे हजारों छात्रों के हित में बड़ा फैसला लिया है। प्रथम या द्वितीय सेमेस्टर के एक-दो प्रश्नपत्रों में असफल होने के कारण 5वें सेमेस्टर में प्रवेश से वंचित हो रहे छात्रों को अब अनंतिम (Provisional) प्रवेश दिया जाएगा। सरकार के इस निर्णय से बड़ी संख्या में छात्रों का शैक्षणिक वर्ष खराब होने से बच सकेगा।
उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने दी जानकारी
उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है। सरकार राष्ट्रीय शिक्षा नीति को प्रदेश में प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है और इसके क्रियान्वयन में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जाएगा।
मंत्री ने कहा कि प्रथम या द्वितीय सेमेस्टर के एक या दो पेपर में अनुत्तीर्ण होने के कारण जिन छात्रों को 5वें सेमेस्टर में प्रवेश नहीं मिल पा रहा था, उनके हित में सरकार ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। ऐसे छात्रों को अब 5वें सेमेस्टर में अनंतिम रूप से प्रवेश दिया जाएगा।
अध्यादेश में किया जाएगा आवश्यक संशोधन
सरकार ने छात्रों के व्यापक हित को ध्यान में रखते हुए संबंधित अध्यादेश में भी आवश्यक संशोधन करने का निर्णय लिया है। इससे छात्रों को आगे की पढ़ाई जारी रखने में सुविधा मिलेगी और केवल एक-दो विषयों में असफलता के कारण उनका पूरा शैक्षणिक वर्ष प्रभावित नहीं होगा।
NEP के क्रियान्वयन में समस्याओं का होगा समाधान
मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन के दौरान यदि किसी प्रकार की व्यावहारिक समस्या सामने आती है, तो सरकार विद्यार्थियों के हित में उसका समाधान करेगी। उन्होंने कहा कि युवाओं का सर्वांगीण विकास और उनका उज्ज्वल भविष्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
इस निर्णय को NEP के तहत अध्ययनरत छात्रों के लिए बड़ी राहत के तौर पर देखा जा रहा है। इससे उन विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई बिना एक साल गंवाए आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा, जो कुछ विषयों में असफल होने के कारण 5वें सेमेस्टर में प्रवेश को लेकर परेशानी का सामना कर रहे थे।



