
रायपुर, 28 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मंगलवार, 29 सितंबर को इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर में आयोजित तीन दिवसीय यूथ इनोवेशन एवं एंटरप्रेन्योरशिप कॉन्क्लेव-2026 में शामिल होंगे। कार्यक्रम सुबह 11 बजे आयोजित किया जाएगा। इस दौरान मुख्यमंत्री युवा नवोन्मेषी विद्यार्थियों और स्टार्टअप उद्यमियों से संवाद करेंगे।
कॉन्क्लेव में युवाओं के नवाचार, स्टार्टअप और उद्यमिता को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। विभिन्न क्षेत्रों में काम कर रहे स्टार्टअप्स की ओर से अपने नवाचारों, उत्पादों और तकनीकों का प्रदर्शन भी किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री साय विश्वविद्यालय परिसर में नवनिर्मित सुभाष चंद्र बोस बायोटेक्नोलॉजी इन्क्यूबेशन सेंटर का भी अवलोकन करेंगे। इस केंद्र के माध्यम से नवाचारकर्ताओं और स्टार्टअप्स को तकनीकी सुविधाओं के साथ इन्क्यूबेशन संबंधी सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।
कॉन्क्लेव का उद्देश्य युवाओं को नवाचार और उद्यमिता के माध्यम से रोजगार सृजन के अवसरों से जोड़ना है। इसके साथ ही बस्तर, सरगुजा समेत छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों से उभर रहे नवाचारों को स्टार्टअप इकोसिस्टम से जोड़ने पर भी जोर दिया जा रहा है।
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को “विचार से नवाचार और नवाचार से उद्यमिता” की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। कॉन्क्लेव में युवाओं, स्टार्टअप्स और नवाचार से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर संवाद और प्रदर्शन के जरिए नए अवसरों को सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है।



