ताज़ा खबरें

CG Weather: छत्तीसगढ़ में बढ़ी ठंड, अंबिकापुर में 11.4 डिग्री पहुंचा पारा

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के उत्तरी इलाकों में ठंड ने दस्तक तेज कर दी है। उत्तर भारत से आ रही ठंडी और शुष्क हवाओं के कारण सरगुजा संभाग में न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान गिरकर 11.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। वहीं, मैनपाट, सामरीपाट और अन्य पहाड़ी क्षेत्रों में पारा 11 डिग्री से नीचे चला गया है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट की संभावना जताई है।

बादल छंटते ही बढ़ी ठिठुरन

चक्रवाती तूफान का असर समाप्त होने और आसमान से बादल छंटने के बाद सरगुजा संभाग में ठंड का असर बढ़ गया है। उत्तर भारत की ओर से आ रही सर्द हवाओं के चलते रात के साथ सुबह और शाम के तापमान में भी गिरावट महसूस की जा रही है। खासकर पहाड़ी और पाट क्षेत्रों में ठंड का असर ज्यादा देखने को मिल रहा है।

24 घंटे में 1.5 डिग्री गिरा अंबिकापुर का तापमान

मौसम में आए बदलाव का असर अंबिकापुर में साफ दिखाई दे रहा है। सोमवार को शहर का न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि रविवार को यह 12.9 डिग्री सेल्सियस था। इस तरह महज 24 घंटे के भीतर न्यूनतम तापमान में 1.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।

मैनपाट और सामरीपाट में 11 डिग्री से नीचे पहुंचा पारा

सरगुजा संभाग के पहाड़ी क्षेत्रों में मैदानी इलाकों की तुलना में ठंड का असर अधिक है। मैनपाट, सामरीपाट, जोकापाट और सोनहत में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। शाम होते ही सर्द हवाओं के कारण ठिठुरन बढ़ने लगी है। वहीं, सुबह के समय ओस की बूंदों के कारण ठंड का एहसास और अधिक हो रहा है।

तापमान में गिरावट के चलते लोगों ने गर्म कपड़ों का सहारा लेना शुरू कर दिया है। आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।

आने वाले दिनों में और बढ़ सकती है ठंड

मौसम विभाग के अनुसार, आसमान साफ रहने और उत्तर दिशा से ठंडी हवाओं का प्रवाह जारी रहने पर न्यूनतम तापमान में और गिरावट हो सकती है। बादलों के छंटने के बाद उत्तरी हवाएं सक्रिय हो गई हैं, जिससे सरगुजा संभाग में ठंड का प्रभाव और बढ़ने की संभावना है।

बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह

मौसम में अचानक बदलाव और तापमान में गिरावट का असर लोगों की सेहत पर भी पड़ने लगा है। सर्दी-खांसी सहित मौसमी बीमारियों की शिकायतें बढ़ रही हैं। बच्चों और बुजुर्गों को ठंड से विशेष परेशानी हो सकती है। ऐसे में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) ने लोगों को ठंड से बचाव करने और जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button