छत्तीसगढ़

Jashpur News: 79.38 करोड़ की सिंचाई परियोजना का CM साय ने किया भूमिपूजन, 13 गांवों को लाभ

रायपुर/जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में किसानों को सिंचाई की बड़ी सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को जशपुर जिले के बगिया स्थित कैम्प कार्यालय में 79 करोड़ 38 लाख 78 हजार रुपए की लागत से बनने वाली बगिया बैराज सह दाबयुक्त उद्वहन सिंचाई परियोजना का भूमिपूजन किया। इस महत्वाकांक्षी परियोजना से क्षेत्र के 13 गांवों के 3,921 से अधिक किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। वहीं, 8,454 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई की सुविधा उपलब्ध होगी।

इस परियोजना के पूरा होने से जशपुर क्षेत्र में कृषि विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है। किसानों को खरीफ के साथ रबी फसल के लिए भी पानी उपलब्ध हो सकेगा। इससे किसान वर्ष में एक से अधिक फसल ले सकेंगे और उनकी आमदनी बढ़ाने के नए अवसर पैदा होंगे।

79.38 करोड़ की लागत से बनेगा बगिया बैराज

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि खेती-किसानी छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था का आधार है और किसानों की समृद्धि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। पर्याप्त सिंचाई सुविधा नहीं होने के कारण किसानों को कई बार मौसम और बारिश पर निर्भर रहना पड़ता है। बगिया बैराज परियोजना पूरी होने से किसानों की यह समस्या काफी हद तक दूर होगी।

उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इस परियोजना से क्षेत्र में कृषि उत्पादन बढ़ेगा और किसान खरीफ के साथ रबी की फसल भी बेहतर तरीके से ले सकेंगे।

मोबाइल से संचालित होगी सिंचाई व्यवस्था, आधुनिक तकनीक का होगा इस्तेमाल

बगिया बैराज सिंचाई परियोजना की सबसे खास बात इसकी आधुनिक तकनीक आधारित व्यवस्था है। इसके माध्यम से सिंचाई प्रणाली का संचालन मोबाइल के जरिए किया जा सकेगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ में आधुनिक तकनीक पर आधारित यह अपनी तरह की पहली परियोजना है।

इस तकनीक से जल प्रबंधन को अधिक सुविधाजनक और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। किसानों को जरूरत के अनुसार सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने की व्यवस्था विकसित की जाएगी।

8,454 हेक्टेयर कृषि भूमि को मिलेगा पानी

परियोजना के पूरा होने से 13 गांवों की 8,454 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी। इससे 3,921 से अधिक किसान परिवार लाभान्वित होंगे। खरीफ के साथ रबी फसल की खेती को बढ़ावा मिलने से किसानों को एक ही वर्ष में एक से अधिक फसल लेने का अवसर मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि किसानों को आधुनिक सिंचाई सुविधाओं का लाभ मिले, खेती की लागत कम हो और उनकी आय में लगातार वृद्धि हो।

मैनी नदी पर ग्राम मुसकुटी में बनेगा बैराज

बगिया बैराज का निर्माण मैनी नदी पर स्थित पुल से लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर ग्राम मुसकुटी में किया जाएगा। इस परियोजना से बगिया, रजौटी, सुजीबहार, दोकड़ा, पतरापाली, बांसबहार सहित आसपास के कुल 13 गांवों को सिंचाई सुविधा का लाभ मिलेगा।

परियोजना पूरी होने के बाद क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होगा और कृषि आधारित आजीविका को मजबूती मिलेगी।

किसानों की खुशहाली और कृषि विकास की मजबूत आधारशिला

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने परियोजना के भूमिपूजन पर क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बगिया बैराज परियोजना केवल सिंचाई सुविधा का विस्तार नहीं है, बल्कि यह हजारों किसान परिवारों की खुशहाली और क्षेत्र के कृषि विकास की मजबूत आधारशिला साबित होगी।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, श्रीमती कौशल्या साय, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button