ट्यूशन से घर लौट रही छात्रा को सुनसान इलाके में ले जा रहा था ऑटो चालक, लोगों ने पकड़ा

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में एक नाबालिग छात्रा के साथ कथित तौर पर गलत इरादे से उसे सुनसान इलाके में ले जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि ऑटो चालक नशे की हालत में छात्रा को ट्यूशन से घर पहुंचाने के बजाय कॉलेज ग्राउंड की ओर ले जा रहा था। छात्रा के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों और ताइक्वांडो खिलाड़ियों ने ऑटो को रोककर उसे सुरक्षित बाहर निकाला और चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

ट्यूशन से लौट रही थी छात्रा
मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार 13-14 वर्षीय छात्रा देर शाम ट्यूशन के बाद ऑटो से अपने घर लौट रही थी। आरोप है कि घर जाने के बजाय चालक ऑटो को कॉलेज ग्राउंड की तरफ ले जाने लगा। स्थिति को भांपकर छात्रा ने शोर मचाया और मदद के लिए गुहार लगाई।
लोगों ने ऑटो रोककर बचाई छात्रा
छात्रा की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोगों और ताइक्वांडो खिलाड़ियों ने तत्काल ऑटो को रोक लिया। इसके बाद छात्रा को सुरक्षित बाहर निकाला गया। लोगों ने आरोपी चालक को पकड़कर उसकी पिटाई की और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना को लेकर पुलिस की जांच जारी है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।




