BreakingChhattisgarhExclusive

Chhattisgarh | बिलासपुर कांग्रेस नेता गोलीकांड में बड़ा खुलासा, विश्वजीत अनंत समेत सात गिरफ्तार

Chhattisgarh: Major revelation in Bilaspur Congress leader firing incident, Vishwajeet Anant and seven others arrested

बिलासपुर, 30 अक्टूबर 2025। न्यायधानी बिलासपुर में कांग्रेस नेता और जनपद उपाध्यक्ष नितेश सिंह पर हुई अंधाधुंध फायरिंग मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस गोलीकांड का मास्टरमाइंड पूर्व युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष विश्वजीत अनंत को बताया है। पुलिस ने विश्वजीत सहित 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं। उनके पास से देशी कट्टा और देशी पिस्टल भी जब्त की गई है।

28 अक्टूबर की शाम हुई थी फायरिंग –

घटना 28 अक्टूबर की शाम की है, जब कांग्रेस नेता नितेश सिंह मस्तूरी स्थित अपने ऑफिस के सामने परिवार के साथ बैठे थे। तभी बाइक सवार हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस दौरान राजकुमार सिंह के पैर में गोली लगी, जबकि बाकी लोग किसी तरह बच निकले। नितेश सिंह ने भी आत्मरक्षा में अपनी लाइसेंसी पिस्टल से जवाबी फायरिंग की, जिसके बाद हमलावर भाग निकले।

24 घंटे में पुलिस ने किया खुलासा –

घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी रजनेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने कई टीम बनाईं। 100 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले गए और सरकंडा थाना को कंट्रोल रूम बनाकर लगातार मॉनिटरिंग की गई। पुलिस की तत्परता से 24 घंटे के भीतर ही सभी आरोपियों को पकड़ लिया गया।

पहले भी रची गई थी हत्या की साजिश –

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि कांग्रेस नेता की हत्या की साजिश पहले भी दो बार रची जा चुकी थी, लेकिन हर बार हमलावर असफल रहे। इस बार उन्होंने 28 अक्टूबर की शाम मौका देखकर फायरिंग की, पर नितेश सिंह फिर भी बच निकले।

राजनीतिक वर्चस्व और जमीन विवाद से जुड़ा मामला –

एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि इस वारदात के पीछे राजनीतिक वर्चस्व और जमीन विवाद कारण था। नितेश सिंह ने जनपद चुनाव में नागेंद्र राय को हराया था, जो विश्वजीत अनंत के गुट से जुड़ा हुआ था। दोनों गुटों के बीच लंबे समय से वर्चस्व की लड़ाई और जमीन कारोबार को लेकर विवाद चल रहा था।

गिरफ्तार आरोपी –

विश्वजीत अनंत (मास्टरमाइंड), अरमान अनंत, मोहम्मद मतीन सहित कुल 7 आरोपी, जिनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button