छत्तीसगढ़ताज़ा खबरेंप्रशासनिक

CG News: मुंगेली-बिलासपुर में आवागमन होगा आसान, डिप्टी सीएम अरुण साव ने पुल निर्माण के लिए 14.25 करोड़ दी मंजूरी

रायपुर, 24 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ में सड़क संपर्क और आवागमन की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए मुंगेली और बिलासपुर जिले में दो नए उच्च स्तरीय पुलों के निर्माण को मंजूरी दी गई है। इन दोनों पुलों और उनके पहुंच मार्गों के निर्माण के लिए कुल 14 करोड़ 25 लाख 97 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है। उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद लोक निर्माण विभाग ने यह आदेश जारी किया है।

इनमें मुंगेली जिले के तखतपुर-बरेला मार्ग पर मनियारी नदी में मौजूदा जलमग्नीय पुल के स्थान पर उच्च स्तरीय पुल का निर्माण किया जाएगा। वहीं, बिलासपुर जिले के बेलगहना-कोंचरा-खोंगसरा मार्ग पर डोंगानाला में भी नया उच्च स्तरीय पुल बनाया जाएगा। दोनों परियोजनाओं में पुल के साथ पहुंच मार्ग का निर्माण भी शामिल है।

मनियारी नदी पर 7.67 करोड़ रुपये से बनेगा पुल

लोक निर्माण विभाग ने तखतपुर-बरेला राज्य मार्ग पर मनियारी नदी में उच्च स्तरीय पुल और पहुंच मार्ग के निर्माण के लिए 7 करोड़ 67 लाख 11 हजार रुपये मंजूर किए हैं। वर्तमान में यहां जलमग्नीय पुल होने के कारण नदी का जलस्तर बढ़ने पर आवागमन प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है।

नए पुल के निर्माण से इस मार्ग पर यातायात अधिक सुरक्षित और सुगम होने की उम्मीद है। खासकर बारिश के मौसम में स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी और सड़क संपर्क बनाए रखने में मदद मिलेगी।

डोंगानाला पर 6.59 करोड़ रुपये होंगे खर्च

बिलासपुर जिले के बेलगहना-कोंचरा-खोंगसरा मार्ग पर डोंगानाला में उच्च स्तरीय पुल और पहुंच मार्ग के निर्माण के लिए 6 करोड़ 58 लाख 86 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है।

इस पुल के बनने से क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी। स्थानीय लोगों को सुरक्षित आवाजाही का लाभ मिलेगा और सड़क अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी।

गुणवत्ता और समय-सीमा पर रहेगा जोर

राज्य शासन ने लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता को दोनों निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं। निर्माण के दौरान गुणवत्तापूर्ण सामग्री का उपयोग, नियमित निगरानी और तकनीकी मानकों का पालन सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।

दोनों पुलों के निर्माण से मुंगेली और बिलासपुर जिले में सड़क संपर्क बेहतर होने के साथ स्थानीय नागरिकों को सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button