CG News: आधा दर्जन लोग लापता, ज्यादातर महिलाएं; पुलिस के सामने बढ़ी चुनौती

रायपुर, 21 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों से आधा दर्जन लोगों के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है। लगातार सामने आ रही गुमशुदगी की घटनाओं ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। खास बात यह है कि लापता लोगों में ज्यादातर महिलाएं शामिल हैं। सभी मामलों में संबंधित थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज है और पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस अब केवल लापता लोगों की तलाश ही नहीं कर रही, बल्कि अलग-अलग मामलों के बीच किसी संभावित कड़ी की भी जांच कर रही है। आने वाले दिनों में गुमशुदगी के और मामले सामने आने की आशंका के चलते पुलिस ने जांच को गंभीरता से लिया है।
अलग-अलग थाना क्षेत्रों से 6 लोग लापता
जानकारी के मुताबिक धमतरी जिले के सिहावा, मगरलोड, कुरूद और कोतवाली थाना क्षेत्रों में अलग-अलग तारीखों पर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज हुई है। इनमें सिहावा थाने में 3, मगरलोड में 1, कुरूद में 1 और कोतवाली थाना क्षेत्र में 1 मामला दर्ज है।
सिहावा से तीन महिलाएं लापता
सिहावा थाना क्षेत्र में नवविवाहिता सत्यवती नेताम सोमवार रात से लापता बताई जा रही हैं। इसके अलावा संतोषी बिसेन और रोहिणी भी अपने-अपने काम के लिए घर से निकली थीं, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटीं। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
मगरलोड में महिला के लापता होने की रिपोर्ट
मगरलोड थाना क्षेत्र में जानकी सागरवंशी के लापता होने की शिकायत उनके पति ने दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच करते हुए महिला के संभावित ठिकानों और संपर्कों की जानकारी जुटा रही है।
बस स्टैंड से महिला लापता
कोतवाली थाना क्षेत्र में भगवती साहू के लापता होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि वह धमतरी बस स्टैंड से बस में सवार हुई थीं, जिसके बाद उनका कोई पता नहीं चला। उनकी बहन ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
रायपुर जाने की बात कहकर निकले युवक का भी पता नहीं
कुरूद थाना क्षेत्र में झम्मन साहू के लापता होने की शिकायत दर्ज हुई है। बताया जा रहा है कि वह घर से रायपुर जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटे।
पुलिस सभी मामलों को जोड़कर कर रही जांच
एक ही जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कम समय के अंतराल में आधा दर्जन लोगों के लापता होने से मामला गंभीर हो गया है। पुलिस सभी मामलों की अलग-अलग जांच करने के साथ यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इन गुमशुदगियों के बीच कोई आपसी संबंध या समान पैटर्न है।
फिलहाल पुलिस लापता लोगों की तलाश में जुटी है। परिजनों से पूछताछ के साथ संभावित स्थानों और संपर्कों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही इन गुमशुदगी के मामलों की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।



