छत्तीसगढ़वायरल खबरें

कांवड़ यात्रा में महिला पर केमिकल अटैक, दो बच्चे भी चपेट में; आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के नंदिनी नगर थाना क्षेत्र के ग्राम कोडिया में कांवड़ यात्रा के दौरान महिला और उसके दो बच्चों पर बैटरी में इस्तेमाल होने वाला केमिकल फेंकने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि दो बच्चे भी चपेट में आकर घायल हुए हैं। पुलिस ने मामले में आरोपी महेश दास बैरागी को गिरफ्तार कर लिया है।

बातचीत बंद करने से नाराज था आरोपी

जानकारी के अनुसार 35 वर्षीय मीना निषाद और आरोपी महेश दास बैरागी एक ही कंपनी में काम करते थे। करीब छह महीने पहले दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद महिला ने काम छोड़ दिया था। आरोपी के मुताबिक, महिला ने कुछ समय से उससे बातचीत भी बंद कर दी थी। इसी बात से नाराज होकर उसने वारदात को अंजाम दिया।

टिन के डिब्बे में लेकर पहुंचा बैटरी का केमिकल

पुलिस के मुताबिक, सोमवार को महिला कुछ ग्रामीणों के साथ कांवड़ यात्रा में ग्राम कोडिया पहुंची थी। इसी दौरान आरोपी बैटरी से निकाला गया केमिकल एक टिन के डिब्बे में लेकर वहां पहुंचा। उसने महिला के ऊपर केमिकल डाल दिया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गई। इस दौरान उसके साथ मौजूद दो बच्चे भी इसकी चपेट में आ गए।

घटना के बाद घायल महिला को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना के बाद छिपा हुआ था आरोपी

वारदात की सूचना मिलते ही नंदिनी नगर थाना पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी ग्राम करंजा भिलाई में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर महेश दास बैरागी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button