नक्सल हिंसा से प्रभावित परिवार को राहत, सदस्य को मिली अनुकंपा नियुक्ति

बीजापुर,19 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ नक्सलवाद, आत्मसमर्पण, पीड़ित, राहत एवं पुनर्वास नीति 2025 के तहत नक्सल पीड़ित परिवारों के पुनर्वास की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। जिला स्तरीय पुनर्वास समिति की अनुशंसा पर नक्सल पीड़ित परिवार के सदस्य राजेश कुमार आलम को शासकीय सेवा में अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की गई है।
कलेक्टर एवं आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग, जिला बीजापुर के निर्देशानुसार आलम को नियमित चतुर्थ श्रेणी (अर्दली) के पद पर नियुक्त किया गया है। उन्हें जिला कार्यालय, बीजापुर में कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से पदस्थ किया गया है।
प्रशासन की इस पहल से नक्सल हिंसा से प्रभावित परिवार को आर्थिक एवं सामाजिक संबल मिलने के साथ पुनर्वास नीति के माध्यम से सम्मानजनक जीवन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ा है।



