अवैध वसूली के आरोप में प्रोविजनल SI महेश ओगरे निलंबित, SP ने की कड़ी कार्रवाई

रायपुर। रायपुर ग्रामीण के राखी थाना में पदस्थ प्रोविजनल उप निरीक्षक महेश कुमार ओगरे के खिलाफ अवैध वसूली और जबरन पैसे ऐंठने की शिकायत पर बड़ी कार्रवाई की गई है। शिकायत की प्रारंभिक जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने के बाद रायपुर ग्रामीण एसपी श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने SI को निलंबित कर दिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, प्रोविजनल उप निरीक्षक महेश कुमार ओगरे थाना राखी के अपराध क्रमांक 10/2026 की विवेचना कर रहे थे। इसी दौरान उनके खिलाफ जबरन दबाव बनाकर अवैध वसूली करने और पैसे ऐंठने संबंधी शिकायत सामने आई थी।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मामले की प्रारंभिक जांच कराई गई। जांच में प्रथम दृष्टया पाया गया कि महेश कुमार ओगरे ने पुलिस विभाग की निष्पक्ष कार्यप्रणाली के अनुरूप आचरण नहीं किया और अपने पद का अनुचित उपयोग किया। इस कृत्य को गंभीर कदाचरण की श्रेणी में माना गया।
पुलिस लाइन रायपुर ग्रामीण किया गया मुख्यालय
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी रायपुर ग्रामीण श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने निलंबन आदेश जारी किया है। निलंबन अवधि के दौरान प्रोविजनल SI महेश कुमार ओगरे का मुख्यालय पुलिस लाइन, रायपुर ग्रामीण निर्धारित किया गया है।
पुलिस विभाग की इस कार्रवाई के बाद स्पष्ट है कि ड्यूटी के दौरान पद का दुरुपयोग और अवैध वसूली जैसे गंभीर आरोपों को लेकर विभाग सख्त रुख अपना रहा है। मामले में आगे की विभागीय कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।




