मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी बड़ी सौगात, पंडरीपानी में खुली SBI की नई शाखा

रायपुर। रक्षाबंधन से पहले जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड के पंडरीपानी और आसपास के करीब 60 गांवों के ग्रामीणों को बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पंडरीपानी में भारतीय स्टेट बैंक की नवीन शाखा एवं भवन का विधिवत शुभारंभ किया। शाखा शुरू होने से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को अब बैंकिंग सेवाओं के लिए करीब पांच किलोमीटर दूर फरसाबहार नहीं जाना पड़ेगा।
नई शाखा के माध्यम से किसानों, छोटे व्यापारियों, युवाओं, विद्यार्थियों और स्वरोजगार से जुड़े लोगों को बचत खाता, ऋण, बीमा सहित विभिन्न बैंकिंग सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी। बोखी, सहसपुर, भगोरा, बनगांव, सीमाबाड़ी, मुंडाडीह और सरईटोली सहित आसपास के करीब 60 गांवों के ग्रामीण इससे सीधे लाभान्वित होंगे।

मुख्यमंत्री श्री साय ने शाखा के शुभारंभ पर क्षेत्रवासियों और एसबीआई की टीम को बधाई देते हुए कहा कि गांवों तक बैंकिंग सुविधाओं का विस्तार वित्तीय समावेशन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि बैंकिंग सेवाओं की आसान उपलब्धता से किसानों को कृषि ऋण एवं किसान क्रेडिट कार्ड, व्यापारियों और उद्यमियों को व्यवसाय ऋण तथा आम नागरिकों को गृह, वाहन और शिक्षा ऋण जैसी सुविधाएं आसानी से मिल सकेंगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि शाखा के औपचारिक शुभारंभ से पहले ही करीब 200 लोगों ने यहां बैंक खाते खुलवा लिए हैं। इससे क्षेत्र में बैंकिंग सेवाओं की जरूरत और ग्रामीणों के उत्साह का अंदाजा लगाया जा सकता है।
क्षेत्र के विकास के लिए कई घोषणाएं
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कार्यक्रम के दौरान पंडरीपानी और आसपास के क्षेत्रों के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने पंडरीपानी में मिनी स्टेडियम और बाजारपारा में मंगल भवन बनाने की घोषणा की। इसके अलावा अंबाकछार और सीमाबाड़ी में भी मिनी स्टेडियम बनाए जाएंगे।
उन्होंने हाथीबेड़ से कोतबा गांधी चौक तक करीब सात किलोमीटर सड़क निर्माण की घोषणा की। मेन रोड सिसरिंगा में 10 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड, हाईस्कूल मैदान में चेंजिंग रूम, हाईस्कूल प्रांगण के जीर्णोद्धार और मूंगी दरबार में पुलिया निर्माण की भी घोषणा की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, खेल और सामुदायिक अधोसंरचना का विस्तार लोगों की जीवन गुणवत्ता बेहतर करने के साथ विकास को भी नई गति देगा।
हितग्राहियों को ऋण और बीमा का लाभ
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति पत्र और बीमा दावा राशि के चेक वितरित किए। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत तीन हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति पत्र दिए गए।
प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत नौ हितग्राहियों को 50 हजार रुपये से लेकर 1.90 लाख रुपये तक के ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के दो हितग्राहियों को भी ऋण स्वीकृति पत्र मिले।
वहीं, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत चार हितग्राहियों को दो-दो लाख रुपये की बीमा दावा राशि के चेक प्रदान किए गए। फरसाबहार विकासखंड की किसान श्रीमती लक्ष्मी बाई को किसान क्रेडिट कार्ड ऋण का स्वीकृति पत्र भी दिया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने जशपुर के प्रधान आरक्षक स्वर्गीय श्री राहुल राम प्रधान के परिवार को एक करोड़ रुपये की बीमा राशि का चेक प्रदान किया। उन्होंने कहा कि कर्तव्य का निर्वहन करने वाले पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के हितों की रक्षा के लिए सरकार संवेदनशील और प्रतिबद्ध है।
ग्रामीणों में उत्साह
पंडरीपानी में एसबीआई की नई शाखा शुरू होने से क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल रहा। ग्रामीणों ने वर्षों पुरानी मांग पूरी होने पर मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। उनका कहना है कि अब बैंकिंग कार्यों के लिए फरसाबहार जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी, जिससे समय और आवागमन पर होने वाले खर्च की बचत होगी।
कार्यक्रम में पत्थलगांव विधायक गोमती साय, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, भारतीय स्टेट बैंक के वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।



