CM Helpline 1076: छत्तीसगढ़ में 2.31 लाख शिकायतें दर्ज, करीब 89% का निराकरण; सीएम साय ने की समीक्षा

रायपुर, 16 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ में आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए शुरू की गई सीएम हेल्पलाइन 1076 प्रभावी माध्यम बनकर उभर रही है। 9 जून से 15 अक्टूबर 2026 तक हेल्पलाइन पर 2,31,850 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 2,05,996 शिकायतों का निराकरण किया जा चुका है। इस तरह कुल शिकायतों में से 88.85 प्रतिशत का समाधान हुआ है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इन शुरुआती परिणामों को उत्साहजनक बताते हुए अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को नवा रायपुर स्थित सीबीडी बिल्डिंग में संचालित सीएम हेल्पलाइन कार्यालय पहुंचकर व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने शिकायतों की स्थिति, विभागवार और जिलेवार प्रदर्शन तथा शिकायतकर्ताओं से प्राप्त फीडबैक की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के कलेक्टरों से भी चर्चा की और विभिन्न शिकायतकर्ताओं से सीधे बातचीत कर समाधान की वास्तविक स्थिति जानी।
2.31 लाख से अधिक शिकायतें दर्ज, 25,854 पर कार्रवाई जारी
समीक्षा के दौरान बताया गया कि सीएम हेल्पलाइन 1076 पर अब तक दर्ज 2,31,850 शिकायतों में से 2,05,996 का निराकरण किया जा चुका है। शेष 25,854 शिकायतों पर कार्रवाई जारी है। हेल्पलाइन पर प्रतिदिन औसतन 1,500 से 2,000 शिकायतें प्राप्त हो रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिकायतों का निराकरण केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि शिकायत बंद करने से पहले संबंधित नागरिक की समस्या वास्तव में दूर हो चुकी हो। शिकायतकर्ता से मिलने वाला फीडबैक ही व्यवस्था की सफलता का वास्तविक आधार है।
ट्रांसफॉर्मर बदलने से 80 से अधिक परिवारों को मिली राहत
गरियाबंद जिले के मैनपुर क्षेत्र के निवासी दमन साहू ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनके गांव का ट्रांसफॉर्मर खराब होने से करीब 80 से 85 परिवार बिजली समस्या से प्रभावित थे। स्थानीय स्तर पर समाधान नहीं मिलने पर उन्होंने सीएम हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत दर्ज होने के लगभग एक सप्ताह के भीतर नया ट्रांसफॉर्मर लगा दिया गया और बिजली आपूर्ति बहाल हो गई। दमन साहू ने समस्या के समाधान पर संतुष्टि जताई।
मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि बिजली और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण किया जाना चाहिए।
शिकायत के 10 दिन में मिली प्रधानमंत्री आवास की किस्त
जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड निवासी वीरेंद्र यादव ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उनके मकान की दूसरी किस्त मिलने में देरी हो रही थी। इससे आवास निर्माण का काम प्रभावित हो रहा था। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई, जिसके लगभग 10 दिन बाद उनके बैंक खाते में दूसरी किस्त के रूप में 55 हजार रुपये की राशि पहुंच गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब परिवारों के पक्के घर के सपने को पूरा करने वाली महत्वपूर्ण योजना है। पात्र हितग्राहियों को समय पर किस्त मिलनी चाहिए, ताकि निर्माण कार्य में बाधा न आए।
नौ महीने से बंद पेंशन दोबारा शुरू
मुंगेली जिले के ग्राम करही निवासी तोरण साहू ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनकी माताजी को करीब नौ महीने से पेंशन नहीं मिल रही थी। सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज होने के बाद संबंधित विभाग ने मामले की जांच कर कार्रवाई की। इसके बाद उनकी माताजी की पेंशन फिर से शुरू हुई और लंबित राशि का भी भुगतान किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन वृद्धजनों, विधवा महिलाओं, दिव्यांगजनों और जरूरतमंद परिवारों के लिए महत्वपूर्ण आर्थिक सहारा है। पात्र हितग्राहियों को इसका लाभ पाने के लिए अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।
शिकायतों के आंकड़ों से होगा व्यवस्था में सुधार
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का विभागवार और विषयवार विश्लेषण किया जाए। यदि किसी विभाग, योजना या सेवा से जुड़ी एक जैसी शिकायतें बार-बार सामने आती हैं, तो उनके मूल कारणों की पहचान कर व्यवस्था में सुधार किया जाए।
उन्होंने कहा कि आम नागरिक के लिए छोटी दिखने वाली समस्या भी बड़ी परेशानी बन सकती है। राशन, पेंशन, बिजली, पेयजल, आवास की किस्त या राजस्व संबंधी काम में देरी किसी परिवार के दैनिक जीवन को प्रभावित करती है। इसलिए प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समय-सीमा में समाधान किया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने अच्छा काम करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने तथा शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बरतने वालों की जवाबदेही तय करने पर भी जोर दिया।
गांवों और दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचाई जाएगी हेल्पलाइन की जानकारी
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन 1076 का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों के नागरिक भी इसका लाभ उठा सकें। इसके लिए ग्राम पंचायतों, उचित मूल्य की दुकानों और कॉमन सर्विस सेंटरों में वॉल पेंटिंग सहित अन्य माध्यमों से जानकारी पहुंचाने को कहा गया।
उन्होंने कहा कि हेल्पलाइन का उद्देश्य नागरिकों की आवाज सीधे शासन तक पहुंचाना और सरकारी सेवाओं को अधिक जवाबदेह बनाना है। शिकायत दर्ज करने से लेकर उसके समाधान और फीडबैक तक की पूरी प्रक्रिया सरल और प्रभावी होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन 1076 शासन और जनता के बीच विश्वास मजबूत करने का माध्यम बन रही है। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक नागरिक को भरोसा हो कि उसकी बात सुनी जाएगी और उसकी जायज समस्या का समय पर समाधान किया जाएगा।



