छत्तीसगढ़वायरल खबरें

CG News: हॉस्टल की बदहाल व्यवस्था से परेशान 45 छात्राएं पैदल निकलीं कलेक्टर से मिलने, प्रशासन में मचा हड़कंप

रायपुर। अंबिकापुर जिले के शिवपुर स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय की व्यवस्थाओं से परेशान 45 छात्राओं ने अपनी समस्याएं प्रशासन तक पहुंचाने के लिए अनोखा कदम उठाया। छात्राएं करीब 30 किलोमीटर दूर अंबिकापुर कलेक्टोरेट तक पैदल जाने के लिए निकल पड़ीं। करीब 6 किलोमीटर चलने के बाद मामले की जानकारी प्रशासन को मिली, जिसके बाद अधिकारियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में बस भेजकर सभी छात्राओं को कलेक्टोरेट लाया गया।

कलेक्टोरेट पहुंचने के बाद छात्राओं ने कलेक्टर अजीत वसंत से सीधे मुलाकात करने की मांग की। इस दौरान लंबी दूरी तक पैदल चलने और तनाव के कारण एक छात्रा अचानक बेहोश होकर गिर पड़ी। उसे तत्काल एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया।

तीन महीने से बिजली की समस्या का आरोप

छात्राओं ने बताया कि हॉस्टल में पिछले तीन महीने से बिजली की समस्या बनी हुई है। इसके अलावा मेस में साफ-सफाई की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं है। छात्राओं का आरोप है कि विद्यालय में फिजिक्स और केमिस्ट्री की कक्षाएं भी नियमित रूप से नहीं लग रही हैं।

छात्राओं के अनुसार, इन समस्याओं को लेकर पहले भी प्राचार्य और विद्यालय प्रबंधन से शिकायत की गई थी, लेकिन अपेक्षित समाधान नहीं होने से वे नाराज थीं। इसके बाद उन्होंने पैदल अंबिकापुर पहुंचकर कलेक्टर के सामने अपनी बात रखने का फैसला किया।

रास्ते में रोकने पहुंचे अधिकारी

छात्राओं के पैदल निकलने की जानकारी मिलने के बाद आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त ललित शुक्ला बैलकोटा पहुंचे। उन्होंने छात्राओं को समझाने का प्रयास करते हुए उनकी समस्याओं का समाधान कराने का भरोसा दिलाया। कुछ शिक्षकों ने भी छात्राओं को रोकने की कोशिश की, लेकिन वे किसी अन्य अधिकारी से बातचीत करने के बजाय सीधे कलेक्टर से मिलने की मांग पर अड़ी रहीं।

शिक्षकों की ओर से छात्राओं के किसी के बहकावे में आने की बात भी कही गई। हालांकि छात्राओं ने इसे खारिज करते हुए कहा कि वे बिना किसी दबाव के अपनी बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन तक पहुंची हैं।

कलेक्टर ने दिए तत्काल समाधान के निर्देश

कलेक्टोरेट में छात्राओं से बातचीत के बाद उन्हें बस के माध्यम से वापस हॉस्टल भेज दिया गया। कलेक्टर अजीत वसंत ने छात्राओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के तत्काल समाधान के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने हॉस्टल की बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने, शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए अतिथि शिक्षकों की व्यवस्था करने और मेस में साफ-सफाई की स्थिति में तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button