Uncategorized

स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 में रायपुर का शानदार प्रदर्शन, देश में 6वें स्थान पर

रायपुर। स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 में रायपुर नगर निगम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी रैंकिंग में सुधार किया है। 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में रायपुर ने 189 अंक हासिल कर देशभर में 6वां स्थान प्राप्त किया है। राजधानी के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि शहर में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने और स्वच्छ हवा सुनिश्चित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों का असर अब रैंकिंग में भी दिखाई देने लगा है।

रायपुर में वायु गुणवत्ता सुधारने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का सकारात्मक असर PM-10 के स्तर में भी देखने को मिला है। वर्ष 2022-23 में रायपुर का PM-10 स्तर 78 µg/m³ दर्ज किया गया था, जो वर्ष 2025-26 में घटकर 64 µg/m³ रह गया। यानी तीन वर्षों के दौरान PM-10 के स्तर में करीब 14 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।

दस साल में PM-10 स्तर में उतार-चढ़ाव

रायपुर के PM-10 स्तर के आंकड़ों पर नजर डालें तो पिछले दस वर्षों में इसमें लगातार बदलाव देखने को मिला है।

वर्षPM-10 स्तर (µg/m³)
2017-1870
2018-1968
2019-2063
2020-2155
2021-2261
2022-2378
2023-2476
2024-2575
2025-2664

आंकड़ों से स्पष्ट है कि 2022-23 में PM-10 का स्तर 78 µg/m³ तक पहुंचने के बाद इसमें लगातार कमी आई है। 2025-26 में यह घटकर 64 µg/m³ रह गया, जो वायु प्रदूषण नियंत्रण की दिशा में सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।

वार्ड स्तर पर भी रायपुर ने बनाई जगह

स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 में रायपुर ने केवल शहर स्तर पर ही नहीं, बल्कि वार्ड स्तर की रैंकिंग में भी बेहतर प्रदर्शन किया है। राज्य स्तरीय वार्ड रैंकिंग में रायपुर के वार्ड क्रमांक 46 को 30 हजार से अधिक आबादी वाली श्रेणी में स्थान मिला है।

वहीं वार्ड क्रमांक 30 ने 10 हजार से 30 हजार आबादी वाली श्रेणी में जगह बनाई है। इससे स्थानीय स्तर पर स्वच्छ हवा और प्रदूषण नियंत्रण के लिए किए जा रहे प्रयासों को भी मजबूती मिली है।

स्वच्छ हवा के लिए रायपुर में किए जा रहे ये प्रमुख काम

रायपुर नगर पालिक निगम की ओर से वायु प्रदूषण कम करने और पर्यावरण संरक्षण के लिए कई स्तरों पर काम किया जा रहा है। इनमें सड़क से उड़ने वाली धूल को नियंत्रित करने से लेकर हरित क्षेत्र बढ़ाने और ई-मोबिलिटी को बढ़ावा देने तक के प्रयास शामिल हैं।

  • करीब 100 किलोमीटर सड़कों पर पैच रिपेयर वर्क किया गया।
  • 7 मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों के जरिए रोजाना करीब 150 किलोमीटर सड़कों की सफाई की जा रही है।
  • शहर में 30 ई-वाहन चार्जिंग स्टेशन स्थापित हैं।
  • रायपुर में करीब 26,254 ई-वाहन संचालित हो रहे हैं।
  • शहर में 10 कचरा ट्रांसफर स्टेशन हैं।
  • वर्ष 2025-26 में करीब 42 हजार पौधों का रोपण किया गया।
  • करीब 3 एकड़ क्षेत्र में 23 हजार पौधों का मियावाकी प्लांटेशन भी किया गया है।

‘रैंकिंग नहीं, स्वस्थ रायपुर हमारा लक्ष्य’: महापौर

महापौर मीनल चौबे ने स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 में रायपुर के 6वें स्थान पर आने को गौरव का विषय बताया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि नगर निगम के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और रायपुरवासियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।

महापौर ने कहा कि लक्ष्य केवल रैंकिंग में सुधार करना नहीं, बल्कि रायपुर को स्वच्छ, हरित और स्वस्थ शहर बनाना है। इसके लिए सड़क सफाई, धूल नियंत्रण, हरित क्षेत्र के विस्तार, ई-मोबिलिटी और जनभागीदारी से जुड़े प्रयासों को आने वाले समय में और प्रभावी बनाया जाएगा।

रायपुर की रैंकिंग में सुधार और PM-10 के स्तर में आई कमी यह संकेत देती है कि राजधानी में स्वच्छ हवा को लेकर किए जा रहे प्रयास धीरे-धीरे सकारात्मक परिणाम दे रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button