छत्तीसगढ़ताज़ा खबरेंवायरल खबरें

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मां दंतेश्वरी मंदिर में की पूजा-अर्चना, देश की सुख-समृद्धि की कामना

रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज अपने बस्तर प्रवास के दौरान जगदलपुर स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने मां दंतेश्वरी के दर्शन कर देशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी उपस्थित रहे।

मंदिर परिसर में राष्ट्रपति का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। उन्होंने श्रद्धापूर्वक मां दंतेश्वरी की पूजा-अर्चना कर देश में सुख, शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की।

राष्ट्रपति का मंदिर आगमन बस्तर के लिए गौरव का अवसर: मुख्यमंत्री

इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी मां दंतेश्वरी के दर्शन किए तथा प्रदेशवासियों की सुख-शांति, समृद्धि और निरंतर प्रगति की कामना की।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी के प्रति अंचल के लोगों की अटूट श्रद्धा है। मां दंतेश्वरी बस्तर की आस्था और लोकजीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का मां दंतेश्वरी के दर्शन-पूजन के लिए आगमन बस्तर और पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का अवसर है।

बस्तर की संस्कृति और परंपराओं को मिलेगी नई पहचान

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बस्तर अपनी अनुपम जनजातीय संस्कृति, प्राचीन परंपराओं और विशिष्ट जीवन मूल्यों के लिए देश-दुनिया में अलग पहचान रखता है। यहां की परंपराओं में प्रकृति, आस्था और समाज के बीच गहरा संबंध दिखाई देता है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के बस्तर प्रवास से क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक जीवनशैली को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान और सम्मान मिलेगा।

बस्तर की आस्था का प्रमुख केंद्र है मां दंतेश्वरी मंदिर

मां दंतेश्वरी बस्तर अंचल की आराध्य देवी हैं। क्षेत्र के लोगों की उनके प्रति गहरी आस्था है और उनकी उपासना यहां की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं में विशेष स्थान रखती है।

मां दंतेश्वरी से जुड़ी श्रद्धा बस्तर की सदियों पुरानी परंपराओं और सामाजिक-सांस्कृतिक जीवन में गहराई से रची-बसी है। जगदलपुर स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर क्षेत्र की आस्था, ऐतिहासिक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत का प्रमुख केंद्र माना जाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button