छत्तीसगढ़ताज़ा खबरें

छत्तीसगढ़ में मुख्य सचिवों के राष्ट्रीय सम्मेलन की तैयारी तेज, शिक्षा-स्वास्थ्य और नवाचारों पर रहेगा जोर

रायपुर, 23 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ में मुख्य सचिवों के राष्ट्रीय सम्मेलन की तैयारियों को लेकर मंत्रालय महानदी भवन में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में राज्य की प्रमुख उपलब्धियों, नवाचारों और विभिन्न क्षेत्रों में किए गए गुणात्मक सुधारों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की तैयारियों की समीक्षा की गई।

बैठक में पिछले राष्ट्रीय सम्मेलन से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। साथ ही एक्शन ट्रैकिंग एंड मॉनिटरिंग सिस्टम के माध्यम से कार्यों की प्रगति और सुधारों का आकलन किया गया।

शिक्षा, स्वास्थ्य और कौशल विकास पर विशेष जोर

मुख्य सचिव विकासशील ने संबंधित विभागों के सचिवों को निर्देश दिए कि आगामी राष्ट्रीय सम्मेलन में छत्तीसगढ़ की उत्कृष्ट पहलों और नवाचारों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने शिक्षा, कौशल विकास, स्वास्थ्य और पोषण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में किए गए कार्यों की जानकारी निर्धारित समय-सीमा में तैयार करने को कहा, ताकि राज्य की उपलब्धियों और सकारात्मक परिणामों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से सामने रखा जा सके।

आंगनबाड़ी केंद्रों में खिलौना बैंक की पहल की सराहना

बैठक में छत्तीसगढ़ के आंगनबाड़ी केंद्रों में संचालित खिलौना बैंक पहल की विशेष रूप से सराहना की गई। इस पहल के तहत लोग अपने बच्चों के पुराने खिलौने जमा करते हैं, जिनका उपयोग आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के मानसिक विकास और पोषण संबंधी जागरूकता बढ़ाने के लिए किया जाता है।

इस अभिनव पहल के तहत अब तक एक लाख से अधिक खिलौने जमा किए जा चुके हैं। यह प्रयास बच्चों के विकास में जनभागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

विकसित भारत 2047 के लक्ष्यों पर होगा मंथन

राष्ट्रीय सम्मेलन में विकसित भारत 2047 के दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए चार प्रमुख सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें विकसित भारत के लिए विशिष्ट प्राथमिकताओं और उद्देश्यों, आर्थिक विकास एवं राज्य के वित्त को मजबूत बनाने में खनन क्षेत्र की भूमिका, सुशासन में तकनीक के प्रभावी उपयोग तथा सड़क और अन्य आधारभूत संरचना परियोजनाओं को समय-सीमा में पूरा करने के लिए नए विचारों और बेहतर कार्यप्रणाली पर चर्चा होगी।

इसके अलावा स्वास्थ्य एवं पोषण, गैर-कृषि कार्यों में उर्वरकों के दुरुपयोग पर नियंत्रण, प्राकृतिक गैस के उपयोग को बढ़ावा देने और अंतरराज्यीय प्रतिस्पर्धा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।

बैठक में कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रमुख सचिव शहला निगार, खाद्य विभाग की सचिव रीना बाबा साहेब कंगाले, मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार, वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद तथा कौशल विकास विभाग के सचिव बसवराजू एस. उपस्थित रहे।

इसके अलावा राजस्व विभाग की सचिव शम्मी आबिदी, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, आदिम जाति विभाग के सचिव भूवनेश यादव, जल संसाधन विभाग के सचिव राजेश सुकुमार टोप्पो, स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया, गृह विभाग की सचिव नेहा तथा मुख्यमंत्री के विशेष सचिव एवं आयुक्त जनसंपर्क रजत बंसल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी बैठक में शामिल हुए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button