जन्माष्टमी पर छत्तीसगढ़ में ड्राई डे: 4 सितंबर को बंद रहेंगी शराब दुकानें, मटन-चिकन की बिक्री पर भी रोक

रायपुर। कृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व को देखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के अवसर पर 4 सितंबर को पूरे प्रदेश में शुष्क दिवस (Dry Day) घोषित किया गया है। इस दिन छत्तीसगढ़ की सभी शराब दुकानें बंद रहेंगी।
शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार जन्माष्टमी के दिन प्रदेश की सभी मदिरा दुकानें, बार, होटल-बार, क्लब सहित शराब की बिक्री और परोसने वाले सभी लाइसेंसी प्रतिष्ठान पूरी तरह बंद रहेंगे।
अवैध शराब के परिवहन और बिक्री पर रहेगी नजर
सरकार ने आदेश का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान अवैध मदिरा के परिवहन, संग्रहण और विक्रय पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। संबंधित विभागों और अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
मटन-चिकन की दुकानें भी रहेंगी बंद
जन्माष्टमी के अवसर पर शराब दुकानों के साथ ही मटन और चिकन की दुकानों को भी बंद रखने के निर्देश जारी किए गए हैं। धार्मिक पर्व की गरिमा और श्रद्धालुओं की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने यह फैसला लिया है।
कलेक्टर और निगम आयुक्तों को भेजा गया पत्र
शासन ने आदेश के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रदेश के सभी कलेक्टरों और नगर निगम आयुक्तों को पत्र भेजा है। संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जन्माष्टमी के पर्व को लेकर प्रदेशभर में धार्मिक आयोजन और विशेष तैयारियां की जा रही हैं। ऐसे में राज्य सरकार के इस फैसले के तहत 4 सितंबर को पूरे छत्तीसगढ़ में शराब की बिक्री और परोसने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।



