छत्तीसगढ़देश-दुनिया

छत्तीसगढ़ की शिक्षिका सुनीता यादव को मिलेगा राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान 2026

रायपुर, 4 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है कि राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान-2026 के लिए सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की शिक्षिका सुनीता यादव का चयन किया गया है। वे प्रदेश से इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान के लिए चयनित होने वाली एकमात्र शिक्षिका हैं।

शिक्षक दिवस के अवसर पर नई दिल्ली में आयोजित समारोह में उन्हें प्रशस्ति पत्र, शाल और चेक प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।

बरमकेला विकासखंड के शासकीय प्राथमिक विद्यालय खिचरी में पदस्थ सुनीता यादव ने अपने नवाचारपूर्ण शिक्षण के माध्यम से प्राथमिक शिक्षा को नई दिशा दी है। उन्होंने शिक्षा को साहित्य, तकनीक और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़कर बच्चों के लिए पढ़ाई को सरल और रोचक बनाया है।

कमजोर बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने पर विशेष फोकस

सुनीता यादव कक्षा में अंतिम पायदान पर रहने वाले बच्चों को बेहतर ढंग से पढ़ाई से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास करती हैं। बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए वे अपने खर्च से नियमित रूप से दूध उपलब्ध कराती हैं। साथ ही, वे समाज को न्योता भोजन जैसी गतिविधियों के लिए भी प्रेरित करती हैं।

दीक्षा एप से पॉडकास्ट तक, तकनीक से बना रहीं पढ़ाई रोचक

शिक्षण को आधुनिक और प्रभावी बनाने के लिए सुनीता यादव दीक्षा एप, स्टोरीवीवर, ऑडियो बुक, पॉडकास्ट और लघु फिल्मों का उपयोग करती हैं। बच्चों और स्वयं के अभिनय वाली लघु फिल्मों के माध्यम से वे विभिन्न विषयों को सहज और मनोरंजक तरीके से समझाती हैं।

उनके इस अभिनव प्रयास को शिक्षा जगत में विशेष पहचान मिली है।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर किया शोध

राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के परिप्रेक्ष्य में प्राथमिक विद्यालयों में आए बदलावों को लेकर सुनीता यादव ने शोध पत्र भी तैयार किया है। इसके अलावा उन्होंने बिलासपुर जिले में आदिवासी बच्चों के लिए आयोजित निशुल्क समर कैंप में अध्यापन कार्य भी किया है।

साहित्य और समाजसेवा में भी सक्रिय

शिक्षा के साथ-साथ श्रीमती सुनीता यादव साहित्य और समाजसेवा के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं। उन्हें वर्ष 2024 में राज्य शिक्षक सम्मान और वर्ष 2025 में पंडित मुकुटधर पांडे स्मृति अलंकरण से सम्मानित किया जा चुका है।

प्रकृति संरक्षण के लिए सीड बॉल निर्माण और देश की सीमाओं पर तैनात सैनिकों के लिए राखी बनाने जैसे सामाजिक कार्यों में भी वे सक्रिय भूमिका निभाती हैं।

राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान-2026 के लिए सुनीता यादव का चयन उनके समर्पण, नवाचार और संवेदनशील शिक्षण कार्य का परिणाम है। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल बच्चों की शिक्षा को नई दिशा दी है, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का मान भी बढ़ाया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button