ई-रिक्शा में बैठीं महिला अधिकारी, धक्का-मुक्की के बीच गले से सोने की चेन गायब

रायपुर। राजधानी रायपुर में महिला अधिकारी के साथ चेन स्नेचिंग की वारदात सामने आई है। जेल रोड से पेंशनबाड़ा के बीच ई-रिक्शा में सफर के दौरान महिला के गले से सोने की चेन चोरी हो गई। घटना के तीन दिन बाद कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता मंजूलता साहू जनता कॉलोनी, गुढ़ियारी की रहने वाली हैं और राज्य परिवहन कार्यालय समग्र शिक्षा, रायपुर में सहायक संचालक के पद पर कार्यरत हैं। बताया गया कि घटना 18 अगस्त की सुबह करीब 10:15 बजे की है।
बारिश के कारण ई-रिक्शा में सवार हुईं अधिकारी
मंजूलता साहू दोपहिया वाहन से पेंशनबाड़ा स्थित बोर्ड ऑफिस जाने के लिए निकली थीं। रास्ते में तेज बारिश होने के कारण उन्होंने ई-रिक्शा से सफर करने का फैसला किया। ई-रिक्शा खालसा स्कूल होते हुए आम्बेडकर चौक पहुंचा, जहां करीब छह महिलाएं उसमें सवार हुईं।
पीड़िता के मुताबिक, ई-रिक्शा में जगह कम होने के कारण सवार महिलाओं के बीच धक्का-मुक्की होने लगी। इसके बाद वह पेंशनबाड़ा में हमर क्लिनिक के पास ई-रिक्शा से उतर गईं।
उतरने के बाद पता चला चेन गायब है
ई-रिक्शा से उतरने के बाद जब मंजूलता साहू ने अपने गले पर ध्यान दिया तो उनकी सोने की चेन गायब थी। इसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत कोतवाली थाने में दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
CCTV फुटेज और ई-रिक्शा सवारों की जांच
पुलिस अब मामले की जांच में जुटी है। घटना के दौरान ई-रिक्शा जिस रूट से गुजरा, वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा सकती है। साथ ही पुलिस ई-रिक्शा चालक और उस दौरान वाहन में सवार महिलाओं की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जांच के दौरान चेन स्नेचिंग करने वाले आरोपियों तक पहुंचने के लिए अहम सुराग मिल सकते हैं।



