खेल प्रतिभाओं को मिला प्रोत्साहन, अरुण साव ने तीरंदाजी सेंटर के खिलाड़ियों को बांटी किट

रायपुर 24 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने महासमुंद प्रवास के दौरान पैरा खिलाड़ी लक्की यादव को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। लक्की यादव का चयन वर्ष 2025-26 के राजीव पांडे खेल अलंकरण के लिए हुआ है।
कलेक्टर कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिला पैरा स्पोर्ट्स संघ के अध्यक्ष निरंजन साहू और पैरा खिलाड़ी लक्की यादव ने मंत्री अरुण साव से मुलाकात की। इस दौरान मंत्री ने लक्की यादव को बधाई देते हुए उनका सम्मान किया।

समावेशी खेल अकादमी की मांग
जिला पैरा स्पोर्ट्स संघ की ओर से दिव्यांग एवं सामान्य खिलाड़ियों को एक साथ खेल प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से समावेशी खेल अकादमी संचालित करने की मांग रखी गई। इसमें आवासीय एवं गैर-आवासीय सुविधा के साथ खिलाड़ियों के नियमित अभ्यास, पोषण एवं आहार व्यवस्था और तकनीकी प्रशिक्षण की व्यवस्था करने का सुझाव दिया गया।
मंत्री अरुण साव ने मांग पत्र पर सकारात्मक आश्वासन देते हुए खिलाड़ियों के हित में आवश्यक कदम उठाने की बात कही।
तीरंदाजी खिलाड़ियों को बांटी खेल किट
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने खेलो इंडिया तीरंदाजी सेंटर, एकलव्य आवासीय विद्यालय भोरिंग का भी दौरा किया। उन्होंने सेंटर के खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका परिचय प्राप्त किया और उन्हें खेल किट वितरित की। उन्होंने खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करते हुए आगामी भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
वर्तमान में 60 खिलाड़ी खेलो इंडिया तीरंदाजी सेंटर, एकलव्य भोरिंग में नियमित रूप से तीरंदाजी का अभ्यास कर रहे हैं।
इस अवसर पर कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, अपर कलेक्टर रवि साहू, खेल अधिकारी मनोज धृतलहरे, एकलव्य भोरिंग के प्राचार्य महेंद्र टंडन, एनआईएस तीरंदाजी प्रशिक्षक एवन कुमार साहू, व्यायाम शिक्षक नीलम साहू सहित अन्य जिला अधिकारी और खिलाड़ी उपस्थित रहे।



