छत्तीसगढ़देश-दुनियाप्रशासनिक

राज्यपाल रमेन डेका ने किया 12 वर्षीय दिव्यांश की किताब का विमोचन

रायपुर। रायपुर के 12 वर्षीय छात्र मास्टर दिव्यांश सुल्तानिया ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा से एक बार फिर सभी का ध्यान आकर्षित किया है। दिव्यांश द्वारा लिखी गई पुस्तक ‘थॉट्स अबाउट गॉड’ का राज्यपाल रमेन डेका ने विमोचन किया। राज्यपाल ने दिव्यांश के प्रयास की सराहना करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

दिव्यांश ने अपने दादा की प्रेरणा से इस पुस्तक की रचना की है। पुस्तक में एक युवा छात्र के नजरिए से ईश्वर, आध्यात्मिकता, जिज्ञासा और जीवन से जुड़े सवालों को सरल और सहज भाषा में प्रस्तुत किया गया है। इतनी कम उम्र में गंभीर और विचारपरक विषय पर पुस्तक लिखने के लिए राज्यपाल ने दिव्यांश की प्रतिभा और प्रयास को सराहनीय बताया।

दूसरी पुस्तक का कवर भी लॉन्च

कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल रमेन डेका ने दिव्यांश की दूसरी पुस्तक ‘फ्रॉम पॉकेट मनी टू पोर्टफोलियो’ के कवर का भी लॉन्च किया। यह पुस्तक बच्चों और युवाओं में कम उम्र से ही बचत, निवेश और वित्तीय जागरूकता की समझ विकसित करने के उद्देश्य से लिखी जा रही है।

इस पुस्तक में गुल्लक के जरिए बच्चों में बचत की आदत विकसित करने और बचाई गई राशि के सही तरीके से निवेश करने की अवधारणा को आसान और व्यावहारिक तरीके से समझाया जाएगा।

राज्यपाल ने बढ़ाया दिव्यांश का उत्साह

राज्यपाल ने कहा कि बच्चों में पढ़ने, लिखने और नए विषयों पर विचार करने की आदत उनके व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने दिव्यांश को अपनी जिज्ञासा, रचनात्मकता और सीखने की ललक को लगातार आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में दिव्यांश के पिता सुधीर सुल्तानिया, माता सरिता सुल्तानिया सहित परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। कम उम्र में दो पुस्तकों पर काम कर रहे दिव्यांश की प्रतिभा और सोच ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button