
रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लोरमी क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। उप मुख्यमंत्री अरुण साव के नेतृत्व में गांवों और लोरमी नगर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। मोटरसाइकिलों पर निकली यात्रा में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण शामिल हुए। इस दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से गांवों की गलियां और नगर के चौक-चौराहे गूंज उठे।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने पुराना बस स्टैंड तहसील चौक झंझपुरी से दाऊकापा तक मोटरसाइकिल तिरंगा यात्रा का नेतृत्व किया। यात्रा डोंगरिया, उरईकछार, अखरार, सारिसताल, धनियाडोली, अमलडीही, गोड़खाम्ही और बोड़तराकला होते हुए आगे बढ़ी। इसके बाद यात्रा हरदी, खेकतरा और खैरवार होते हुए दाऊकापा पहुंची।

यात्रा के दौरान गांवों की सड़कों और ग्रामीण रास्तों पर बड़ी संख्या में तिरंगे लहराते नजर आए। जगह-जगह ग्रामीणों ने उत्साह के साथ तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। पूरे मार्ग में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का माहौल देखने को मिला।
लोरमी नगर में भी दिखा देशभक्ति का उत्साह
लोरमी नगर में भी उप मुख्यमंत्री अरुण साव के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा निकाली गई। मानस मंच से शुरू हुई यात्रा मुंगेली चौक, हटरी चौक, नया बस स्टैंड, गुरुद्वारा चौक और पुराना बस स्टैंड से होकर गुजरी। यात्रा में नगरवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
इस दौरान ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘विजयी विश्व तिरंगा प्यारा’ के नारों से पूरा नगर गूंज उठा। लोगों ने तिरंगे के प्रति सम्मान और देश के प्रति गर्व का प्रदर्शन किया।

शहीदों को नमन, विकसित भारत का लिया संकल्प
दाऊकापा में तिरंगा यात्रा के समापन अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। साथ ही विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया गया।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि तिरंगा यात्रा वीर शहीदों के बलिदान को याद करने और उनके सपनों का भारत बनाने का संकल्प लेने का अवसर है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण में हर नागरिक को अपना योगदान देना होगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। “एक नागरिक एक कदम आगे बढ़ाएगा, तो देश 140 करोड़ कदम आगे बढ़ेगा।”
तिरंगा यात्रा में लोरमी नगर पालिका अध्यक्ष सुजीत वर्मा, जनपद अध्यक्ष वर्षा सिंह, जिला पंचायत सदस्य रत्ना काटले, अनिता साहू, धनीराम यादव, ज्योतिनंदन दुबे सहित पार्षद, एल्डरमैन, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।






