
रायपुर, 4 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में चलाया जा रहा ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ जनभागीदारी का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आया है। अभियान के तहत अतिक्रमण मुक्त कराई गई वन भूमि पर बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया गया, जिससे उजड़ी वन भूमि फिर से हरियाली की ओर बढ़ रही है।

जगदलपुर के परियोजना क्षेत्र फरसगांव अंतर्गत बड़े डोंगर पंचायत से लगे वन क्षेत्र में आयोजित वृहत पौधरोपण कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। सभी ने मिलकर बड़ी संख्या में पौधे रोपे और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान लोगों को अपनी माँ के नाम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने का संकल्प दिलाया गया। इस पहल ने पर्यावरण संरक्षण के साथ मातृ सम्मान का संदेश भी समाज तक पहुंचाया। स्थानीय लोगों ने इसे प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने वाला प्रेरणादायक अभियान बताया।
अतिक्रमण मुक्त भूमि पर किए गए इस पौधरोपण से क्षेत्र में पुनर्वनीकरण को बढ़ावा मिलेगा। इससे हरित आवरण बढ़ने के साथ-साथ पर्यावरण संतुलन मजबूत होगा और जल संरक्षण, जैव विविधता तथा प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन में भी सकारात्मक प्रभाव देखने को मिलेगा।
वन विभाग के अनुसार, यह अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों को प्रकृति से जोड़ने और पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। आने वाले वर्षों में यह अभियान हरित और सुरक्षित भविष्य के निर्माण में अहम भूमिका निभाएगा।



