स्वास्थ्य मंत्री से चर्चा के बाद इंटर्न डॉक्टरों ने आंदोलन किया स्थगित

रायपुर, 19 अगस्त 2026। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने प्रदेश के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों के इंटर्न डॉक्टरों से मुलाकात कर उनकी मांगों पर गंभीरता से चर्चा की। स्वास्थ्य मंत्री से चर्चा के बाद इंटर्न डॉक्टरों ने प्रदेश की विष्णुदेव साय सरकार पर भरोसा जताते हुए अपना आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया।
स्टाइपेंड वृद्धि की प्रक्रिया तेज
चर्चा के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि IMA-MSN छत्तीसगढ़ की ओर से प्रस्तुत प्रस्ताव और संबंधित प्रकरण पर पहल करते हुए इंटर्न डॉक्टरों के स्टाइपेंड में वृद्धि से जुड़ी आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि इंटर्न डॉक्टरों की मांगों पर इसी माह आवश्यक और सकारात्मक निर्णय लेने के लिए विभागीय स्तर पर प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है।
चिकित्सा शिक्षा के प्रति सरकार प्रतिबद्ध
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार चिकित्सा शिक्षा से जुड़े सभी विषयों के प्रति संवेदनशील है। सरकार इंटर्न डॉक्टरों की मांगों पर गंभीरता से विचार कर रही है और उनके हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
इंटर्न डॉक्टरों ने स्वास्थ्य मंत्री के आश्वासन पर भरोसा जताते हुए आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया।



