Governmentछत्तीसगढ़देश-दुनियाप्रशासनिक

2 सितंबर को छत्तीसगढ़ आएंगे उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, तैयारियों पर मंथन

रायपुर। उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन 2 सितंबर को रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। उनके प्रस्तावित छत्तीसगढ़ प्रवास को लेकर मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपराष्ट्रपति के प्रवास से जुड़ी सुरक्षा, प्रोटोकॉल, यातायात, चिकित्सा, स्वागत और कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुसार व्यवस्था के निर्देश

मुख्य सचिव विकासशील ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपराष्ट्रपति के प्रवास के दौरान सभी व्यवस्थाएं निर्धारित प्रोटोकॉल और मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक और वापसी के दौरान एंट्री-एग्जिट प्लान को बेहतर समन्वय के साथ अंतिम रूप देने को कहा गया।

उन्होंने एयरपोर्ट पर स्वागत व्यवस्था, रिसेप्शन लाइन, एम्स में रिसेप्शन और अन्य प्रोटोकॉल संबंधी व्यवस्थाओं के लिए रायपुर कलेक्टर को आवश्यक निर्देश दिए। एयरपोर्ट और कार्यक्रम स्थल पर पुलिस की पर्याप्त तैनाती के साथ सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने पर भी जोर दिया गया।

सुरक्षा, चिकित्सा और विद्युत व्यवस्था पर विशेष जोर

बैठक में मुख्य सचिव ने गृह विभाग को उपराष्ट्रपति के प्रवास के दौरान आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा ठहरने की व्यवस्था, प्रकाश एवं विद्युत व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाएं और आकस्मिक चिकित्सा सहायता की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।

उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

प्रोटोकॉल के अनुरूप होगी बैठक व्यवस्था

दीक्षांत समारोह की बैठक व्यवस्था भारत सरकार द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल और प्राप्त डायस प्लान के अनुरूप सुनिश्चित करने को कहा गया। कार्यक्रम की शुरुआत में वंदे मातरम् और राष्ट्रगान सहित निर्धारित प्रोटोकॉल के सभी प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

मुख्य सचिव ने एम्स प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों को दीक्षांत समारोह के आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को बेहतर ढंग से पूरा करने के लिए भी निर्देशित किया।

बैठक में गृह एवं जेल विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चंपावत, मुख्यमंत्री के सचिव मुकेश कुमार बंसल, रायपुर कमिश्नर श्याम धावड़े, सुशासन एवं अभिसरण विभाग के संयुक्त सचिव मयंक अग्रवाल, सामान्य प्रशासन विभाग की उप सचिव अंशिका पांडेय, रायपुर कलेक्टर, आईजी रायपुर, एम्स रायपुर के चिकित्सा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button