Fame India सर्वे में छाए IPS गौरव राय, मुख्यमंत्री साय ने दी बधाई

रायपुर। छत्तीसगढ़ कैडर के 2019 बैच के आईपीएस अधिकारी और बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के पुलिस अधीक्षक IPS गौरव राय ने Fame India–Asia Post के ‘सर्वश्रेष्ठ पुलिस कप्तान 2026’ सर्वे में स्थान हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि IPS गौरव राय की यह उपलब्धि उनकी कर्तव्यनिष्ठा, कुशल नेतृत्व, नवाचार और समर्पित पुलिस सेवा का सम्मान है। उन्होंने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में बेहतर पुलिसिंग के लिए गौरव राय की भूमिका की सराहना करते हुए इसे प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया।

नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा में निभाई अहम जिम्मेदारी
IPS गौरव राय ने अपने कार्यकाल के दौरान दंतेवाड़ा जैसे चुनौतीपूर्ण और नक्सल प्रभावित जिले में पुलिस अधीक्षक के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभाली। इस दौरान उन्होंने रणनीतिक पुलिसिंग, नक्सल विरोधी अभियानों और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में प्रभावी कार्य किया।
उनके नेतृत्व में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में आम लोगों तक प्रशासन और पुलिस की पहुंच बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया। इसके साथ ही ऐसे सुरक्षित वातावरण के निर्माण की दिशा में प्रयास किए गए, जिससे क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिल सके।
राष्ट्रीय स्तर पर मिली पुलिसिंग की पहचान
Fame India–Asia Post के ‘सर्वश्रेष्ठ पुलिस कप्तान 2026’ सर्वे में स्थान मिलना IPS गौरव राय के पुलिसिंग क्षेत्र में किए गए कार्यों और नेतृत्व क्षमता की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान के रूप में देखा जा रहा है।




