ISRO वैज्ञानिकों ने किया दंतेवाड़ा विज्ञान केंद्र का दौरा, विज्ञान गतिविधियों की जमकर तारीफ

रायपुर, 4 अगस्त 2026। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के वरिष्ठ वैज्ञानिक प्रोफेसर आनंद और उनकी विशेषज्ञ टीम ने दंतेवाड़ा स्थित जिला विज्ञान केंद्र का भ्रमण कर वहां संचालित वैज्ञानिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों का अवलोकन किया। टीम ने विज्ञान केंद्र की विभिन्न गैलरियों, विज्ञान मॉडलों और विद्यार्थियों के लिए चल रही नवाचार आधारित गतिविधियों की सराहना की।

इसरो की टीम ने स्पेस गैलरी, फिजिक्स गैलरी, माइनिंग गैलरी, विज्ञान प्रदर्शनों, वर्किंग मॉडल्स तथा ‘करके सीखें’ (Learning by Doing) कार्यक्रम का निरीक्षण किया। वैज्ञानिकों ने कहा कि सुदूर जनजातीय क्षेत्र के बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए जिला प्रशासन और विज्ञान केंद्र की यह पहल बेहद सराहनीय है।
वैज्ञानिकों ने केंद्र प्रमुख उपेंद्र गौतम और उनकी टीम के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि विज्ञान केंद्र प्रयोगों और व्यावहारिक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को विज्ञान से जोड़ने का प्रभावी मंच बन रहा है।
टीम ने विज्ञान केंद्र में नियमित रूप से आयोजित शैक्षणिक भ्रमण, ‘कबाड़ से जुगाड़’ विज्ञान गतिविधियां और खगोल विज्ञान आधारित डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शन को विद्यार्थियों में वैज्ञानिक जिज्ञासा और नवाचार की भावना विकसित करने वाली महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों को विज्ञान, अंतरिक्ष अनुसंधान और तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
भ्रमण के अंत में विज्ञान केंद्र प्रबंधन ने इसरो के वैज्ञानिकों का आभार व्यक्त किया। वैज्ञानिकों के आगमन से विज्ञान केंद्र में अध्ययनरत विद्यार्थियों, शिक्षकों और विज्ञान में रुचि रखने वाले युवाओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।





