राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने माता हासी देवी के सम्मान में जारी किया 200 रुपये का स्मारक सिक्का

रायपुर, 22 अक्टूबर 2026। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गुरुवार को रायपुर स्थित लोकभवन के छत्तीसगढ़ मंडपम में पूज्य माता साहिब हासी देवी जी के सम्मान में 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी उपस्थित रहे।
पूज्य शदाणी दरबार रायपुर की पांचवीं पीठाधीश माता साहिब हासी देवी जी की 200वीं जयंती के अवसर पर भारत सरकार के वित्त मंत्रालय ने यह विशेष स्मारक सिक्का जारी किया है। इसे सिंधी समाज के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण अवसर माना जा रहा है। देश-विदेश में रहने वाले करोड़ों सिंधी समुदाय के लोगों के लिए भी यह सम्मान विशेष महत्व रखता है।

सिक्के पर अंकित है माता हासी देवी की छवि
भारत सरकार द्वारा जारी इस स्मारक सिक्के पर पूज्य माता हासी देवी जी की छवि अंकित है। सिक्के के एक ओर अशोक स्तंभ का सिंह शीर्ष और 200 रुपये का मूल्यवर्ग दर्शाया गया है। इस पहल का उद्देश्य माता हासी देवी जी के जीवन, विचारों और आध्यात्मिक योगदान को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाना है।
स्मारक सिक्के के अनावरण के बाद श्रद्धालु और सिक्का संग्रहकर्ता शदाणी दरबार की विभिन्न इकाइयों के माध्यम से इसकी बुकिंग कर सकेंगे।
कार्यक्रम में शामिल हुए जनप्रतिनिधि और सिंधी समाज के प्रतिनिधि
कार्यक्रम में पूज्य शदाणी दरबार रायपुर के पीठाधीश संत डॉ. युधिष्ठिर लाल जी ने स्वागत उद्बोधन दिया। इस दौरान राज्य की प्रथम महिला रानी डेका काकोटी, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी और मोतीलाल साहू उपस्थित रहे।
इसके अलावा मुख्य सचिव विकासशील, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना सहित वरिष्ठ अधिकारी, शदाणी दरबार के सदस्य और देशभर से आए जनप्रतिनिधियों व सिंधी समाज के प्रतिनिधियों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
माता हासी देवी जी के सम्मान में जारी यह स्मारक सिक्का उनकी आध्यात्मिक विरासत और समाज में उनके योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान देने की महत्वपूर्ण पहल है।




