नंदनवन जंगल सफारी में 25 वर्षीय हिमालयन भालू ‘फफोरी’ की मौत, वृद्धावस्था बनी वजह

रायपुर। नवा रायपुर स्थित नंदनवन जू एवं जंगल सफारी में 25 वर्षीय मादा हिमालयन भालू ‘फफोरी’ की मौत हो गई। फफोरी ने 19 अक्टूबर 2026 की मध्यरात्रि को अंतिम सांस ली। जंगल सफारी प्रबंधन के अनुसार, उसकी मौत का कारण वृद्धावस्था है।
2012 में गुवाहाटी से लाई गई थी फफोरी
जंगल सफारी प्रबंधन से मिली जानकारी के मुताबिक, फफोरी को वर्ष 2012 में वन्यप्राणी आदान-प्रदान कार्यक्रम के तहत असम के गुवाहाटी चिड़ियाघर से रायपुर लाया गया था। उस समय उसकी उम्र 12 वर्ष थी। इसके बाद से वह नंदनवन जू एवं जंगल सफारी में रह रही थी।
पोस्टमार्टम के बाद किया गया अंतिम संस्कार
फफोरी की मौत के बाद वन्यप्राणी चिकित्साधिकारी ने नियमानुसार पोस्टमार्टम किया। इसके बाद जंगल सफारी प्रबंधन और वन्यजीवों की देखभाल करने वाले कर्मचारियों की मौजूदगी में उसे श्रद्धांजलि दी गई और विधिवत अंतिम संस्कार किया गया।
इस दौरान नंदनवन जू एवं जंगल सफारी के संचालक सह-वनमंडलाधिकारी पंकज राजपूत, सहायक संचालक, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, पशुपालक और सुरक्षा कर्मचारी मौजूद रहे।
फफोरी के निधन से जंगल सफारी प्रबंधन और उसकी देखभाल करने वाले कर्मचारियों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रबंधन ने कहा कि वन्यजीवों की नियमित देखभाल, स्वास्थ्य निगरानी और संरक्षण के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाती हैं।



