ताज़ा खबरेंदेश-दुनिया

विजयादशमी उत्सव में RSS प्रमुख मोहन भागवत का संदेश, बोले- सतर्क रहकर आगे बढ़े भारत

रायपुर। नागपुर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत ने विजयादशमी उत्सव के दौरान अपने संबोधन में कहा कि भारत की लगातार हो रही प्रगति कुछ वैश्विक ताकतों को रास नहीं आ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत को कमजोर करने और वैश्विक स्तर पर उसकी बढ़ती ताकत को रोकने की कोशिशें की जा रही हैं।

भागवत ने कहा कि पिछले एक दशक में भारत ने विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने दावा किया कि कुछ वैश्विक ताकतें भारत को बड़ा होते नहीं देखना चाहतीं और अपने हितों के लिए राजनीतिक व्यवस्थाओं में बदलाव की कोशिश करती हैं। उन्होंने कहा कि देश को अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखते हुए सतर्क रहने की जरूरत है।

पश्चिमी प्रभाव को लेकर जताई चिंता

संघ प्रमुख ने अपने भाषण में पश्चिम से आने वाले ऐसे प्रभावों का जिक्र किया, जो उनके अनुसार परंपराओं, संस्कारों और सामाजिक व्यवस्थाओं को नुकसान पहुंचाना चाहते हैं। उन्होंने फ्रांस, अल्बानिया, बांग्लादेश और नेपाल की घटनाओं का उल्लेख करते हुए इन परिस्थितियों के पीछे बाहरी ताकतों की भूमिका होने का दावा किया।

भागवत ने कहा कि भारत को मजबूत बनाने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ना चाहिए। साथ ही, समाज में आपसी सद्भाव बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने, उत्तेजना से बचने और लगातार प्रयास करते रहने की अपील की।

आंदोलन का उद्देश्य समाधान होना चाहिए

मोहन भागवत ने लोकतंत्र में आंदोलनों की भूमिका पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि समाज में समस्याएं होती हैं और उनके समाधान के लिए आंदोलन भी होते हैं। लोकतंत्र में आंदोलनों का होना स्वाभाविक है, लेकिन उनका उद्देश्य समाधान निकालना होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि आंदोलन करने वाले समूहों, कानून-व्यवस्था लागू करने वाले प्रशासन और राजनीतिक नेताओं की जिम्मेदारी है कि समाज में द्वेष पैदा न हो। भावनाएं कितनी भी तीव्र क्यों न हों, सभी को संविधान की मर्यादा और सार्वजनिक व्यवहार की सीमाओं का पालन करना चाहिए।

विजयादशमी उत्सव में कई प्रमुख हस्तियां रहीं मौजूद

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ हर साल विजयादशमी के अवसर पर अपना स्थापना दिवस मनाता है। इस दौरान संघ प्रमुख स्वयंसेवकों को संबोधित करते हैं और कार्यक्रम में मुख्य अतिथि को भी आमंत्रित किया जाता है। इस बार दैनिक जागरण के मुख्य संपादक संजय गुप्त को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था। समारोह में पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ भी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button