ब्लू वॉटर में डूबे आदिल की तलाश तेज, 72 घंटे बाद भी रेस्क्यू टीम को सफलता नहीं

रायपुर। राजधानी रायपुर से लगे ब्लू वाटर में बुधवार शाम डूबे युवक आदिल का शव शनिवार सुबह तक बरामद नहीं हो सका है। गुरुवार और शुक्रवार को तलाश के बाद शनिवार को SDRF ने एक बार फिर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। मौके पर NDRF की टीम भी मौजूद है और संयुक्त रूप से युवक की तलाश की जा रही है।
दोस्तों के साथ ब्लू वाटर पहुंचा था आदिल
बताया जा रहा है कि आदिल बुधवार शाम अपने दोस्तों के साथ ब्लू वाटर घूमने पहुंचा था। इसी दौरान दोस्तों के बीच पानी में तैरने को लेकर शर्त लगी। शर्त के बाद आदिल पानी में उतरा, लेकिन गहराई में जाने के बाद वह वापस बाहर नहीं आ सका और डूब गया।
गहरे पानी के कारण रेस्क्यू में परेशानी
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस के साथ SDRF और NDRF की टीम मौके पर पहुंची और तलाश शुरू कर दी थी। हालांकि, पानी की अधिक गहराई के चलते रेस्क्यू टीम को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गुरुवार और शुक्रवार को लगातार प्रयास के बावजूद आदिल का शव नहीं मिल सका।
पहले भी हो चुके हैं हादसे
ब्लू वाटर में पहले भी डूबने की घटनाएं सामने आती रही हैं। इसके बावजूद यहां लोगों की आवाजाही पूरी तरह नियंत्रित नहीं हो पाई है। ताजा हादसे के बाद एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। खतरनाक हिस्सों में सुरक्षा घेरा बनाने, चेतावनी बोर्ड लगाने और लोगों की आवाजाही पर नियंत्रण की जरूरत बताई जा रही है।
फिलहाल SDRF और NDRF की टीमें सर्च ऑपरेशन में जुटी हैं। परिजनों को आदिल के शव के मिलने का इंतजार है।



