सेवा संकल्प अभियान: बलरामपुर और बेलकोना में लगे शिविर, नागरिकों को मिला योजनाओं का लाभ

रायपुर, 3 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत बलरामपुर जिले में आयोजित सेवा सेतु शिविरों के माध्यम से नागरिकों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया गया। बलरामपुर नगर और क्लस्टर ग्राम बेलकोना में आयोजित शिविरों में जनसमस्याओं का निराकरण करने के साथ हितग्राहियों को आवास अनुज्ञा पत्र, आयुष्मान कार्ड, जाति प्रमाण पत्र और विभिन्न योजनाओं की सहायता प्रदान की गई।
बलरामपुर नगर के साप्ताहिक बाजार स्थल के समीप आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर अभियान के तहत चिन्हित 26 प्रमुख योजनाओं की जानकारी नागरिकों को दी। प्राप्त आवेदनों और शिकायतों का वर्गीकरण कर तत्काल निराकरण योग्य प्रकरणों का मौके पर समाधान किया गया। शेष मामलों के निराकरण के लिए समय-सीमा और कार्ययोजना निर्धारित की गई।

आवास और स्वनिधि योजना का मिला लाभ
शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के हितग्राहियों छोटकू मुंजनी, लजिना बीबी, विजय तिर्की, आलोमनी उरांव, तालिब अंसारी, सरोज देवी, अनवर अंसारी और अमित यादव को भवन अनुज्ञा पत्र प्रदान किए गए। वहीं प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के एक हितग्राही को तीसरी किश्त के रूप में 50 हजार रुपये की राशि दी गई।
उत्कृष्ट कार्य के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ममता तिग्गा, सुशीला एक्का और इमराना खातुन, सहायिका रीता एक्का तथा मितानिन बिरजमनियां को सम्मानित किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गोदभराई और अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया।
आयुष्मान कार्ड और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध
स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगाए गए चार स्टॉलों में प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और आयुष्मान वय वंदना योजना के कार्ड वितरित किए गए। चिकित्सा दल ने टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत टीबी से बचाव और उपचार की जानकारी दी। स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के तहत शिशुओं की जांच एवं परामर्श तथा बुजुर्गों के लिए देखभाल संबंधी सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।

बेलकोना में 68 आवेदन, 6 का मौके पर निराकरण
क्लस्टर ग्राम बेलकोना में आयोजित शिविर में कुल 68 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से छह का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। शेष 62 आवेदनों के निराकरण के लिए समय-सीमा तय की गई। इनमें 28 आवेदन राजस्व विभाग और 17 आवेदन पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से संबंधित थे।
शिविर में शिक्षा विभाग ने 18 स्कूली बच्चों को जाति प्रमाण पत्र वितरित किए। महिला एवं बाल विकास विभाग ने हितग्राहियों के परिजनों को चंदन वृक्ष के पौधे भी प्रदान किए।
कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने शिविर के विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने किसानों से एग्री स्टैक में पंजीयन कराने और नागरिकों से पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेकर सोलर पैनल लगाने की अपील की।



