
रायपुर। गांधी जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दोनों महान विभूतियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। मुख्यमंत्री ने नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महात्मा गांधी के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने सत्य, अहिंसा और मानवता के मार्ग पर चलते हुए पूरी दुनिया को शांति और सद्भाव का संदेश दिया। गांधीजी के विचारों में समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण और आत्मनिर्भरता की भावना निहित थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन हमें सत्य के मार्ग पर अडिग रहते हुए समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने की प्रेरणा देता है।

शास्त्री जी के ‘जय जवान-जय किसान’ मंत्र को किया याद
मुख्यमंत्री साय ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के सादगीपूर्ण जीवन, दृढ़ नेतृत्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण को भी स्मरण किया। उन्होंने कहा कि शास्त्री जी का जीवन प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री द्वारा दिया गया ‘जय जवान-जय किसान’ का मंत्र देश की सुरक्षा और समृद्धि में जवानों और किसानों के महत्वपूर्ण योगदान को रेखांकित करता है।
जनकल्याण और सुशासन के लिए प्रेरणा
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन और आदर्श आज भी समाज और राष्ट्र के लिए मार्गदर्शक हैं। उनके विचार जनकल्याण, सुशासन और राष्ट्रसेवा के पथ पर निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने कहा कि सत्य, अहिंसा, सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण जैसे मूल्यों को अपने जीवन में अपनाकर देश और समाज के विकास में योगदान दिया जा सकता है।



