विष्णु भैया का संबल: महतारी वंदन से महिलाओं की खुशहाली और आत्मविश्वास बढ़ा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसी दिशा में संचालित महतारी वंदन योजना प्रदेश की पात्र महिलाओं के लिए आर्थिक संबल का मजबूत माध्यम बन रही है।
योजना के तहत पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। इस नियमित सहायता से महिलाएं अपनी घरेलू और व्यक्तिगत जरूरतों को पूरा करने के साथ बच्चों की शिक्षा और पोषण पर भी राशि खर्च कर रही हैं।
जशपुर जिले के ग्राम देवगुड़ा निवासी श्रीमती परमिला प्रजापति भी महतारी वंदन योजना की लाभार्थी हैं। उन्हें हर महीने मिलने वाली सहायता राशि से अपने बच्चे की पढ़ाई और पोषण से जुड़ी आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिल रही है। इसके साथ ही वे घर की छोटी-छोटी जरूरतों को भी इसी राशि से पूरा कर लेती हैं।
आर्थिक फैसले लेने में बढ़ा आत्मविश्वास
परमिला प्रजापति बताती हैं कि महतारी वंदन योजना से मिलने वाली नियमित आर्थिक सहायता ने उन्हें अपने खर्चों के संबंध में स्वयं निर्णय लेने का अवसर दिया है। अब वे अपनी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए प्राथमिकता के आधार पर राशि का उपयोग कर पा रही हैं।
उन्होंने कहा कि इससे परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने में सहूलियत मिली है और उनका आत्मविश्वास भी बढ़ा है। योजना महिलाओं के लिए केवल आर्थिक सहयोग ही नहीं, बल्कि सम्मान और आत्मनिर्भरता का आधार भी बन रही है।
छोटी जरूरतों के लिए नहीं रहना पड़ता दूसरों पर निर्भर
नियमित रूप से मिलने वाली राशि से महिलाओं को अपनी छोटी-छोटी जरूरतों के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ता। यह आर्थिक संबल महिलाओं को परिवार के भीतर भी अधिक सक्षम और आत्मनिर्भर बना रहा है।
परमिला प्रजापति ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा, “विष्णु भैया की सरकार महिलाओं की जरूरतों और सम्मान का ध्यान रख रही है। महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि हमारे लिए बहुत उपयोगी है।”
महतारी वंदन योजना से मिलने वाला नियमित आर्थिक सहयोग प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक निर्णय लेने में अधिक सक्षम बनाने के साथ उनके परिवारों की खुशहाली में भी योगदान दे रहा है। “बहनों का मान, विष्णु भैया का सम्मान” की भावना के साथ यह योजना छत्तीसगढ़ में महिला सशक्तिकरण को नई दिशा दे रही है।



