खेलछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में पहली बार महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला, CM साय ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह

रायपुर। छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में पहली बार भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट श्रृंखला का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को श्रृंखला के तीसरे मुकाबले का आनंद लिया और दोनों टीमों की खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह आयोजन प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। इससे छत्तीसगढ़ की बेटियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की महिला खिलाड़ियों से प्रेरणा मिलेगी और वे खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित होंगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को अवसर देने और विश्वस्तरीय खेल सुविधाओं के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

महिलाओं और बालिकाओं के लिए निःशुल्क प्रवेश

इस ऐतिहासिक आयोजन के दौरान माताओं, बहनों और बेटियों के लिए स्टेडियम में निःशुल्क प्रवेश की व्यवस्था की गई। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक महिलाओं और बालिकाओं को खेलों से जोड़ना तथा उन्हें अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट का प्रत्यक्ष अनुभव देना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला खिलाड़ी अपने प्रदर्शन और मेहनत से देश की करोड़ों बेटियों के लिए प्रेरणा बन रही हैं। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ खेल संस्कृति को मजबूत करेंगे।

नवा रायपुर को स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन बनाने की तैयारी

सीएम साय ने कहा कि शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम को छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ को लीज पर दिए जाने से यहां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट प्रतियोगिताओं के आयोजन की संभावनाएं बढ़ी हैं। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को बड़े मुकाबले देखने और अनुभवी खिलाड़ियों से सीखने का अवसर मिल रहा है।

उन्होंने बताया कि नवा रायपुर में न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों के साथ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के आईपीएल मैच भी आयोजित किए जा चुके हैं। भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 श्रृंखला प्रदेश को प्रमुख क्रिकेट केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है।

पर्यटन, व्यापार और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़े खेल आयोजन केवल खेलों तक सीमित नहीं रहते, बल्कि पर्यटन, होटल व्यवसाय, परिवहन और स्थानीय व्यापार को भी गति देते हैं। ऐसे आयोजनों से रोजगार और आजीविका के नए अवसर पैदा होते हैं।

राज्य सरकार नवा रायपुर को आधुनिक राजधानी के साथ देश के प्रमुख स्पोर्ट्स एवं इवेंट डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है। इसके तहत खेल अधोसंरचना का विस्तार और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि यह श्रृंखला प्रदेश की बेटियों को खेलों से जुड़ने की प्रेरणा देगी और छत्तीसगढ़ की अंतरराष्ट्रीय पहचान को मजबूत करेगी। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ, बीसीसीआई के पदाधिकारी, खेल प्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button