
रायपुर, 31 जुलाई 2026। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने शुक्रवार को रायपुर के लाभांडी में आयोजित CG टेंट एंड डेकोर एक्सपो-2026 का शुभारंभ किया। छत्तीसगढ़ टेंट ओनर वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस एक्सपो में देशभर से आए टेंट व्यवसायियों ने आधुनिक उत्पादों, आकर्षक डेकोरेशन डिजाइनों और नई तकनीकों का प्रदर्शन किया।
शुभारंभ के बाद उप मुख्यमंत्री ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और टेंट एवं डेकोरेशन उद्योग में हो रहे नवाचारों की सराहना की। इस अवसर पर विधायक मोतीलाल साहू, टेंट एसोसिएशन के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में व्यवसायी और उद्योग से जुड़े लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अरुण साव ने कहा कि टेंट व्यवसाय अब तेजी से विकसित होकर एक सशक्त उद्योग का रूप ले रहा है। नई थीम, आधुनिक तकनीक और लगातार हो रहे नवाचार इस क्षेत्र को नई पहचान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि कम समय में किसी भी स्थान का आकर्षक रूपांतरण करना टेंट व्यवसायियों की रचनात्मकता और दक्षता का उत्कृष्ट उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि इस तरह के एक्सपो विभिन्न शहरों के व्यवसायियों को एक मंच पर लाकर अनुभव साझा करने और व्यापार के नए अवसर तलाशने का मौका देते हैं। ऐसे आयोजन टेंट उद्योग के विस्तार के साथ-साथ राज्य की आर्थिक गतिविधियों को भी गति प्रदान करेंगे।
उप मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ टेंट ओनर वेलफेयर एसोसिएशन को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के लिए शुभकामनाएं दीं।




